राजस्थान के बाड़मेर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. शुरुआती प्रारंभिक जांच में युवक का संबंध पाकिस्तानी हैंडलर और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से सामने आने का दावा किया गया है. यह कार्रवाई राजस्थान एटीएस के इनपुट पर की गई. फिलहाल पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. मामला बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने इंडो-पाक बॉर्डर से सटे गागरिया गांव के रहने वाले बशीर पुत्र आमदन खान को गिरफ्तार किया है. आरोपी की उम्र 20 वर्ष बताई गई है. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में बशीर का संबंध पाकिस्तानी हैंडलर और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. पुलिस के अनुसार बशीर से पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का शहजाद भट्टी से किस तरह का संपर्क था और वह किन गतिविधियों में शामिल रहा.
कई महीनों से रडार पर था युवक
जानकारी के अनुसार राजस्थान एटीएस लंबे समय से सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी को फॉलो करने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी निगरानी के दौरान कई संदिग्ध अकाउंट एजेंसियों के रडार पर आए. शुक्रवार को प्रदेशभर में की गई कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई. अब सुरक्षा एजेंसियां पकड़े गए लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन गतिविधियों की विस्तार से जांच कर रही हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बशीर पहले गुजरात में काम करता था. कुछ महीने पहले वह अपने गांव गागरिया लौट आया था और वहीं रह रहा था. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि गांव लौटने के बाद उसकी गतिविधियां क्या थीं और उसका संपर्क किन लोगों से था.
इलाके में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्क
सुरक्षा एजेंसियों का फोकस अब आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन संपर्क और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच पर भी है. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका संपर्क कब और कैसे स्थापित हुआ तथा वह किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में भी था या नहीं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि अभी शुरुआती जांच और पूछताछ चल रही है. जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी की भूमिका क्या थी और उसका पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संबंध किस स्तर का था. सुरक्षा एजेंसियां मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई हैं.
दिनेश बोहरा