मीठे पानी की प्याऊ को लेकर मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों में खूनी झड़प, सड़क पर चले लाठी-डंडे

अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में मीठे पानी की प्याऊ लगाने को लेकर मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्ष सड़क पर लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति को शांतिभंग में गिरफ्तार किया.

Advertisement
दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट. (Photo: Screengrab) दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट. (Photo: Screengrab)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:23 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले में मीठे पानी की प्याऊ लगाने को लेकर मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर जमकर लाठी-डंडे चलने लगे. यह घटना रामगढ़ क्षेत्र के बगड़ तिराया थाना इलाके के बगड़ मेव गांव की है, जहां अलवर-भरतपुर रोड पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मीठे पानी की छबील और प्याऊ लगाने को लेकर हुई थी. देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई और दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए. सड़क कुछ देर के लिए रणभूमि में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दिए.

Advertisement

घटना के दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सड़क किनारे मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में भी डर का माहौल दिखाई दिया. कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. गुरुवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप लिया

सूचना मिलने के बाद बगड़ तिराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया. झगड़े की वजह से कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा.

रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मेव और मुसलमान सक्का समाज के लोगों के बीच पहले से भी रंजिश चल रही थी. इसी बीच पानी की प्याऊ लगाने और पानी पीने के दौरान छींटे पड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. बाद में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों की दुकानें आमने-सामने हैं और वहीं मीठे पानी की छबील लगाई गई थी. इसी दौरान कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर आ गए. पुलिस के अनुसार घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. पुलिस ने जाकिर पुत्र सुबेदीन जाति सक्का मेव और वाजिद पुत्र लल्लू मेव को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था.

पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया

इस मामले में अब सक्का पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी गई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की मदद से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. फिलहाल इलाके में पुलिस की नजर बनी हुई है और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement