How to Protect Clothes from Fading: गर्मियों के मौसम में तेज धूप की वजह से कपड़े जल्दी सूख जाते हैं. मगर इसके साथ ही एक दिक्कत यह भी है कि तेज धूप से उनके रंग को भी नुकसान पहुंचता है. कई बार पसंदीदा टी-शर्ट, कुर्ता या साड़ी कुछ ही धुलाई के बाद फीकी नजर आने लगती है.
इसकी वजह सिर्फ धूप ही नहीं, बल्कि कपड़े धोने का गलत तरीका भी हो सकता है. अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़ों का रंग लंबे समय तक नया जैसा बना रहे, तो आसान ट्रिक्स हैं, जिनकी मदद से आप कपड़ों के कलर को उड़ने से बचा सकते हैं. बस इन आसान बातो को आपको धुलाई करते समय ध्यान रखना है.
कपड़ों को उल्टा करके धोएं और सुखाएं
अक्सर लोग कपड़ों को धोते समय उनको सीधे ही वॉशिंग मशीन में डाल देते हैं, लेकिन इससे कपड़े की बाहरी सतह ज्यादा घिसती है और रंग जल्दी फीका पड़ सकता है. कलरफुल कपड़ों को हमेशा उल्टा करके धोएं और सुखाएं. इससे धूप का सीधा असर कपड़े के बाहरी हिस्से पर नहीं पड़ता और रंग लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.
नमक और सिरका
पहली बार नए कपड़े धोने से पहले उन्हें पानी में थोड़ा नमक या सिरका मिलाकर कुछ देर भिगोकर रख दें. यह रंग को पक्का करने में मदद करता है, जिससे धूप में सुखाने पर कपड़ों का रंग नहीं उड़ता है.
ठंडे पानी का इस्तेमाल करें
गर्म पानी कपड़ों के रंग को तेजी से फीका कर सकता है. खासकर डार्क कलर्स के कपड़ों के लिए ठंडा या नॉर्मल तापमान वाला पानी बेहतर माना जाता है. इससे कपड़े का कलर और फैब्रिक दोनों ही बचे रहते हैं. साथ ही, हल्के डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें और जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट डालने से बचें.
तेज धूप में लंबे समय तक न सुखाएं
जल्दी सुखाने के चक्कर में लोग अक्सर कपड़ों को सीधे तेज धूप में सुखा देते हैं. कपडों को सुखाने के लिए धूप जरूरी है, लेकिन बहुत देर तक तेज धूप में छोड़ देना रंग उड़ने की बड़ी वजह बन सकता है.
कपड़ो को छांव में सुखाएं
कोशिश करें कि कलर वाले कपड़ों को छायादार और हवादार जगह पर सुखाएं. अगर धूप में सुखाना जरूरी हो तो कपड़ों को ज्यादा देर तक बाहर न छोड़ें.
सफेद और रंगीन कपड़ों को अलग-अलग धोएं.
ब्लीच का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर करें.
वॉशिंग मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े न भरें.
कपड़ों के लेबल पर दिए गए धुलाई निर्देश जरूर पढ़ें.
अगर आपके कपड़ों का रंग जल्दी फीका पड़ जाता है, तो सिर्फ धूप को गलत ठहराना सही नहीं है. सही तरीके से धुलाई और सुखाने की आदत अपनाकर आप अपने पसंदीदा कपड़ों का रंग लंबे समय तक बरकरार रख सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क