भारतीय रसोई में तोरई की सब्जी तो अक्सर बनती है लेकिन ज्यादातर घरों में इसके छिलकों को छीलकर सीधे डस्टबिन में डाल दिया जाता है. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो शायद आप इसके कमाल के फायदों और स्वाद से अनजान हैं. तोरई के छिलके विटामिन्स और डाइटरी फाइबर से भरपूर होते हैं. आज हम आपको तोरई के छिलकों को इस्तेमाल करने का एक ऐसा बेहतरीन तरीका बताने जा रहे हैं जिसे जानने के बाद आप इन्हें कभी नहीं फेंकेंगे.
तोरई के छिलकों में थोड़ा सा बेसन और चुनिंदा मसाले मिलाकर एक ऐसी कुरकुरी, चटपटी और सूखी सब्जी तैयार होती है, जिसे आप रोटी या पराठे के साथ बड़े चाव से खाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान और क्विक रेसिपी.
सामग्री
तोरई के छिलके – 2 कप (अच्छी तरह धुले और बारीक कटे हुए)
बेसन – 2 से 3 बड़े चम्मच
तेल – 2 बड़े चम्मच (सरसों का तेल सबसे बेहतर)
राई और जीरा – आधा-आधा छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
अमचूर पाउडर – आधा छोटा चम्मच (खटास के लिए)
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
बनाने का तरीका
सबसे पहले तोरई को छीलने से पहले अच्छी तरह धो लें. अब इसके थोड़े मोटे छिलके उतारें और उन्हें चाकू से बारीक-बारीक टुकड़ों में काट लें.
एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर राई, जीरा और हींग का तड़का लगाएं. फिर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालें.
अब कढ़ाई में कटे हुए तोरई के छिलके और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कढ़ाई को ढक दें और छिलकों को मध्यम आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें जब तक कि वे हल्के सॉफ्ट न हो जाएं.
जब छिलके थोड़े पक जाएं, तब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और 1 मिनट तक भूनें.
अब सब्जी के ऊपर सूखा बेसन चारों तरफ फैलाते हुए छिड़कें. गैस की आंच को एकदम धीमा कर दें. बेसन डालने के बाद सब्जी को लगातार चलाते हुए भूनें ताकि बेसन छिलकों पर अच्छी तरह लिपट जाए और कच्चा न रहे.
अगर सब्जी बहुत सूखी लगे तो हाथों से पानी की कुछ बूंदें छिड़क दें और ढककर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकने दें. अंत में अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिलाएं.
बेसन वाले तोरई के छिलकों की चटपटी और कुरकुरी सब्जी तैयार है. इसे गरमा-गरम पराठे या दाल-चावल के साथ साइड डिश के रूप में सर्व करें.
aajtak.in