खाना पकाने के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल हर घर में रोजाना होता है लेकिन किचन में काम करते समय सबसे ज्यादा झुंझलाहट तब होती है जब प्रेशर कुकर की सीटी बजते ही दाल या चावल का उबलता हुआ पानी बाहर आ जाता है. इससे न सिर्फ पूरा कुकर और गैस स्टोव गंदा हो जाता है बल्कि पूरे किचन काउंटर पर चिकनाहट फैल जाती है जिसे साफ करने में बहुत मेहनत लगती है.
अब गंदा नहीं होगा आपका किचन
कई बार पानी ज्यादा बाहर आने से दाल अंदर जल भी जाती है. अगर आप भी हर दिन होने वाली इस समस्या और किचन की इस गंदगी से परेशान हैं तो अब आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ आसान और असरदार ट्रिक्स जिनमें अगर आपने एक भी आजमा लिया तो आपको कुकर से बार-बार पानी निकलने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.
चम्मच या कटोरी की ट्रिक
जब भी आप कुकर में दाल, चावल या छोले उबलने के लिए रखें तो पानी और मसालों के साथ कुकर के अंदर एक छोटी स्टील की कटोरी या स्टील का छोटा चम्मच डाल दें. ऐसा करने से कुकर के अंदर बनने वाला प्रेशर बैलेंस रहता है और सीटी बजते समय पानी उबाल मारकर बाहर नहीं आता.
कुकर के ढक्कन पर लगाएं तेल
दाल को कुकर में डालने के बाद, ढक्कन बंद करने से पहले उसके अंदरूनी हिस्से पर खासकर सीटी वाले छेद और वेंट पाइप के आसपास थोड़ा सा कुकिंग ऑयल या घी लगा दें. तेल की वजह से दाल का पानी ऊपर उठने के बाद भी सीटी से बाहर नहीं फैल पाता है.
दाल में डालें एक चम्मच तेल
दाल उबलते समय उसमें हल्दी और नमक के साथ सिर्फ एक छोटा चम्मच तेल या घी डाल दें. तेल डालने से दाल में झाग कम बनता है. जब झाग नहीं बनेगा तो पानी सीटी के रास्ते बाहर प्रेशर के साथ नहीं निकलेगा.
पानी की मात्रा और आंच का रखें ध्यान
कई बार कुकर की क्षमता से ज्यादा पानी भर देने या फिर बहुत तेज आंच पर पकाने से भी पानी बाहर आता है. हमेशा कुकर को उसकी क्षमता से एक-तिहाई खाली रखें. साथ ही जब कुकर में प्रेशर बनने लगे तो आंच को मध्यम या धीमा कर दें, इससे पानी लीक नहीं होगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क