उत्तर प्रदेश में आए चक्रवात और भीषण तूफ़ानों के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. इन तूफानों में करीब 100 लोगों की जान चली गई, बड़े पैमाने पर तबाही मची, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और कई जिलों में घरों को नुकसान पहुंचा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक संदेश में पुतिन ने लिखा, “कृपया उत्तर प्रदेश में चक्रवात की वजह से हुई भारी जान-माल की हानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें. कृपया उन लोगों के परिवारों और प्रियजनों तक मेरी सहानुभूति और समर्थन के शब्द पहुंचाएं, जिनकी इस प्राकृतिक आपदा में जान चली गई."
उन्होंने आगे लिखा कि इस आपदा में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की मेरी शुभकामनाएं भी पहुंचाई जाएं.
13 मई को खराब मौसम ने राज्य के बड़े हिस्सों में तबाही मचा दी, जिससे सड़कें बंद हो गईं और बिजली सप्लाई व ट्रांसपोर्ट व्यवस्था ठप हो गई. जैसे-जैसे अधिकारी नुकसान का जायजा ले रहे थे, प्रभावित जिलों में बचाव टीमें तैनात कर दी गईं.
प्रयागराज सबसे ज्यादा प्रभावित
अधिकारियों के मुताबिक, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 21 लोगों की मौतें दर्ज की गईं. कई अन्य जिले भी प्रभावित हुए हैं.
सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई, संभल, कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर से भी मौतों की ख़बरें मिली हैं.
यह भी पढ़ें: तूफान में कागज की तरह उड़ गया इंसान, Video
कई जिलों में भारी तबाही
अधिकारियों ने बताया कि पेड़ गिरने से गाड़ियां दब गईं और कई सड़कें बंद हो गईं, जबकि कई घरों को आंशिक या पूरी तरह से नुकसान पहुंचा. बताया गया है कि कुछ जगहों पर बचाव कर्मियों ने मलबे को अपने हाथों से हटाकर फंसे हुए लोगों को बचाया.
बरेली के बामियाना गांव से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज हवाओं की वजह से एक शख्स टिन के शेड के साथ हवा में ऊपर उठ गया और लगभग 50 फीट दूर एक खेत में जा गिरा.
भदोही के रामपुर इलाके से खबरें आईं हैं कि तूफ़ान के दौरान एक पंटून पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद कई लोग गंगा नदी में गिर गए. मिर्जापुर के गौरा प्रमाणपुर में एक और पंटून पुल गिरने से करीब 20 गांवों का संपर्क टूट गया.
दीवारें, शेड गिरने और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं की वजह से प्रतापगढ़ और कानपुर देहात सहित कई जिलों में लोगों की जान भी गई.
यह भी पढ़ें: 'तूफान आया... और मैं उड़ता चला गया', बरेली के नन्हे मियां ने सुनाया वो खौफनाक मंजर; 50 फीट ऊंचाई से गिरकर जिंदा बचे
CM योगी ने सहायता के आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौतों पर शोक जताया किया और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित परिवारों तक 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता पहुंच जाए.
राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान के कारण हुई मौतों, पशुधन के नुकसान और घरों को हुए नुकसान का संवेदनशीलता और तेज़ी से सत्यापन करें.
मुख्यमंत्री ने बदलते हालात पर नजर रखने और राहत कार्यों में तालमेल बिठाने के लिए सभी जिलों से हर तीन घंटे में अपडेट भी मांगे हैं.
aajtak.in