खाड़ी इलाकों में अब तक 13 भारतीयों की मौत, 3 लापता... 148 भारतीय नाविक अब भी फंसे

वेस्ट एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की जान को खतरा बढ़ गया है. 28 फरवरी 2026 से अब तक 13 भारतीय नागरिक मारे जा चुके हैं और 3 लापता हैं.

Advertisement
खाड़ी देशों और होर्मुज में अभी भी स्थिति ठीक नहीं हुई है खाड़ी देशों और होर्मुज में अभी भी स्थिति ठीक नहीं हुई है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:57 PM IST

वेस्ट एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष का असर अब भारतीय नागरिकों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 को जंग शुरू होने के बाद से अब तक खाड़ी क्षेत्र में 13 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 भारतीय अब भी लापता हैं. वहीं, फारस की खाड़ी में 7 भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर सवार 148 भारतीय नाविक अभी भी फंसे हुए हैं और सुरक्षा हालात सुधरने का इंतजार कर रहे हैं.

Advertisement

दो अमीराती तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला

ताजा घटना हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो अमीराती तेल टैंकरों MT Al Bahyah और MT Mombasa B पर मिसाइल हमले की है. सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में MT Al Bahyah पर तैनात एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि कई अन्य नाविक घायल हुए हैं. MT Al Bahyah पर कुल 23 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 12 भारतीय, 6 फिलीपीन, 3 रूसी, 1 मिस्री और 1 श्रीलंकाई नागरिक शामिल थे. वहीं MT Mombasa B पर 23 सदस्य थे, जिनमें 17 भारतीय, 3 यूक्रेनी और 3 जॉर्जियाई नागरिक सवार थे.

साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर भी हमला

इससे दो दिन पहले साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज जीएफएस गैलेक्सी (GFS Galaxy) पर ईरानी हमले के बाद एक भारतीय नाविक लापता हो गया था. हालांकि जहाज के अन्य चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इन टैंकरों पर हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन का दावा है कि जहाजों ने कई बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया था. उसने अमेरिका पर भी जहाजों को "अवैध समुद्री मार्ग" अपनाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया.

Advertisement

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, फारस की खाड़ी में फिलहाल सात भारतीय ध्वज वाले जहाज मौजूद हैं. इनमें से पांच जहाज व्यावसायिक परिचालन में लगे हैं. मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इन जहाजों के चालक दल ने फिलहाल क्षेत्र से बाहर नहीं निकलने का फैसला किया है. सरकार ने भारतीय हितों से जुड़े कुल 11 जहाजों की पहचान की है. इनमें भारतीय ध्वज वाले जहाजों के अलावा विदेशी ध्वज वाले ऐसे जहाज भी शामिल हैं जो भारत के लिए माल लेकर जा रहे हैं. इनमें से चार जहाज उर्वरक (फर्टिलाइजर) की खेप लेकर भारत आ रहे हैं.

हॉर्मुज को लेकर फिर बढ़ा तनाव

इस बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव और बढ़ गया है. ईरान ने हालिया सैन्य टकराव के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को फिर से बंद करने का ऐलान किया है. जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जलडमरूमध्य खुला रहेगा और अमेरिकी सेना इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी. हालांकि उन्होंने बाद में जहाजों पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव वापस ले लिया.

सरकार भारतीय नौसेना, शिपिंग कंपनियों और प्रभावित नाविकों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है तथा हालात पर नजर बनाए हुए है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »