प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के इंडोनेशिया दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने जकार्ता में कम्युनिटी इवेंट को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो का आभार जताया. इसके साथ ही जोरदार स्वागत के लिए प्रवोबो का शुक्रिया अदा किया.
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा, 'इंडोनेशिया में भारतीय संस्कृति को लेकर जो प्रेम है, इसकी एक झलक मुझे राष्ट्रपति भवन में भी दिखाई दी. यहां भारतीय गाना कुछ-कुछ होता है, बहुत लोकप्रिय है. आज मैंने प्रेसिडेंट प्रबोवो से इस पर कहा कि जब भारत-इंडोनेशिया साथ मिलकर चलते हैं तो कुछ कुछ से भी आगे बढ़कर बहुत कुछ होता है.'
प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रेसिडेंट प्रबोवो ने गर्व से कहा कि उनमें इंडियन DNA है. उनके उस एक वाक्य से लाखों इंडियन दिल जीत लिए. उन्होंने कहा कि ये डीएनए म्यूचुअल ट्रस्ट से बना है, साझी विरासत से बना है, साझा स्मृतियों से बना है. भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता सभ्यताओं का है, सागर का है.
'साम्राज्य बने और गिरे और दुनिया की राजनीति बदली...'
भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सभ्यताओं का रिश्ता है. उन्होंने कहा, साम्राज्य बने और गिरे और दुनिया की राजनीति बदली, लेकिन भारत और इंडोनेशिया के बीच ये रिश्ता हमेशा बना रहा. यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है.
PM मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया हो या भारत... हम दोनों ही देश विकास के लिए अधीर हैं. हमारे पास न रूकने का मौका है, न थमने का. आज भारत की अर्थव्यवस्था... दुनिया की ग्रोथ को ड्राइव करने में बड़ी भूमिका निभा रही है. जब दुनिया पर कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, तो भी भारत की अर्थव्यवस्था ठप्प नहीं पड़ी. जब वेस्ट एशिया का इतना बड़ा संकट चल रहा था, तब भी भारत की अर्थव्यवस्था थमी नहीं.
उन्होंने आगे कहा कि ये गति, ये प्रगति... ऐसे ही नहीं आई है. भारत ने एक के बाद एक रिफॉर्म्स किए हैं, हमने लगातार परफॉर्म किया है... इसलिए आज देश ट्रांसफॉर्म हो रहा है. रिफॉर्म्स, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म... इस मंत्र को लेकर हम चल रहे हैं. भारत की ग्रोथ में जो स्पीड और स्केल है... उसको एक लाइन में बताना हो तो मैं कहूंगा- 1.4 billion aspirations in motion.
यह भी पढ़ें: 'जिस तरह उन्हें सुरक्षित भारत लाए...' इंडोनेशिया में पीएम मोदी ने बीजू पटनायक को किया याद
फुटबॉल फीवर पर की बात
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'आज कल दुनिया में फुटबॉल फीवर चल रहा है. यहां इंडोनेशिया में भी फुटबॉल की दीवानगी जबरदस्त है. आप सभी वो एनर्जी, वो जोश, यहां भी लेकर आए हैं और दिखाई दे रहा है और एक अजब संयोग बना है कि जब भी मैं इंडोनेशिया आया हूं, फीफा वर्ल्ड कप का तूफान छाया होता है. लेकिन इंडोनेशिया में रहने वाले आप सभी लोग मैन ऑफ द मैच हैं. आज का ये आयोजन भव्य भारत की जीती-जागती तस्वीर बने हैं.'
भारत Unstoppable है- पीएम मोदी
उन्होंने कहा, 'आज भारत सिर्फ सबसे तेज ग्रो करने वाली इकॉनोमी नहीं है... भारत में billion plus dreams in motion हैं. एनर्जी से लेकर कनेक्टिविटी और चिप मैन्यूफैक्चरिंग तक... भारत Unstoppable है. आज का भारत सिर्फ अपने सपने पूरे नहीं कर रहा है, बल्कि हर मित्र देशों के सपनों के साथ है. भारत सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलता है.'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के आखिर में कहा, 'राष्ट्रपति जी मैंने आपको जो भी योजनाएं बताई हैं, उनपर कोई कॉपीराइट नहीं है. न कॉपीराइट है न रॉयल्टी का मसला है. सबका साथ सबका विकास, यही हमारा मंत्र है.'
aajtak.in