लोकसभा में आज भी अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के सदस्यों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. स्पीकर ओम बिरला ने स्पष्ट कहा कि सदन की मेजों पर चढ़ोगे तो ऐसी ही कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि सदन के भीतर और सदन के बाहर सदन की गरिमा बनाए रखना आप सबकी जिम्मेदारी है.
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही जारी है. राज्यसभा में प्रश्नकाल के बाद एक बजे भोजनावकाश हो गया. सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा के बाद अब राज्यसभा की कार्यवाही भी दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई है. राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने प्राइवेट मेंबर बिल पर चर्चा के बाद सदन की कार्यवाही 16 मार्च को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी है.
राज्यसभा में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (सं) विधेयक 2024 पर चर्चा चल रही है. यह प्राइवेट मेंबर बिल है.
लोकसभा की कार्यवाही सोमवार, 16 मार्च को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. लोकसभा से अनुपूरक अनुदान मांगों के दूसरे बैच को मंजूरी मिलने के बाद चेयर से कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन की कार्यवाही 16 मार्च तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
अनुपूरक अनुदान मांगों का प्रस्ताव लोकसभा से पास हो गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में अनुदान मांगों पर हुई चर्चा का जवाब दिया. इसके बाद चेयर से कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने इसे पारित किए जाने के लिए लिया. विपक्ष की नारेबाजी के बीच ही अनुपूरक अनुदान मांगों का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया.
गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने अमित शाह उनके चैंबर में पहुंचे. इस मुलाकात के दौरान अमित शाह के साथ संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे.
(इनपुट- पीयूष मिश्रा)
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब दे रही हैं. वित्त मंत्री की स्पीच के दौरान विपक्षी सदस्य वेल में आ गए हैं और जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं. विपक्ष की नारेबाजी पर वित्त मंत्री ने कहा कि ये बेशर्म खड़े होकर मेरी आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं. हम अपनी कमिटमेंट्स में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. वित्त मंत्री ने कहा कि ये पूछ रहे हैं कि सप्लीमेंट्री डिमांड्स फॉर ग्रांट्स क्यों लाए. इमरजेंसी सिचुएशन जब डेवलप हुआ, तब उसके लिए इमरजेंसी फंड लाना गलत है क्या. फर्टिलाइजर्स के लिए भी हमने फंड का प्रावधान किया है. उस पर सवाल किसान विरोधी है. आने वाले रवि की फसल के लिए हम अभी ही प्रावधान कर रहे हैं. विपक्ष के सदस्य एलपीजी को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं.
लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. लोकसभा में अनुदानों की अनुपूरक मांगों पर हुई चर्चा का वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जवाब दे रही हैं.
विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के प्रस्ताव का नोटिस दिया है. विपक्ष की ओर से यह नोटिस लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में दिया गया है. मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए विपक्ष के नोटिस पर 190 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं.
(इनपुट- मौसमी सिंह)
राज्यसभा में भोजनावकाश हो गया है. सदन की कार्यवाही अब दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
लोकसभा की कार्यवाही फिर से स्थगित हो गई है. लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच चेयर से संध्या राय ने सदन चलने देने की अपील की. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी कहा कि सदन चलने दें. इन सबका विपक्षी सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ और सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी.
लोकसभा में 12 बजे जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी सदस्य वेल में आ गए हैं. विपक्षी सदस्य खाने पीने का सामान लेकर सदन में पहुंचे हैं. विपक्ष के हंगामे पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इनका नेता भी नहीं सुधर रहा और ये भी नहीं सुधरेंगे. इनके नेता के साथ-साथ कांग्रेस के सारे सदस्य भी बिगड़ गए हैं, शर्मसार कर रहे हैं. बहुत दुखी हूं. इनकी पार्टी में कोई नहीं बचा है जो समझा पाए. प्राइवेट मेंबर्स बिल का टाइम भी है आज. उस बीच उठाएं ना जो मुद्दे उठाने हैं. नकारात्मक राजनीति जनता देख रही है. जनता आपको कड़ी सजा देगी. इसीलिए मैं कहता हूं कि आप सत्ता में नहीं आ सकते.
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि बारूद के ढेर पर बैठी दुनिया शोलों से हिफाजत का हुनर पूछ रही है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कभी कहा था कि बीजेपी की सरकार ने नफरत का केरोसिन छिड़क दिया है. सच तो यह है कि सरकार ने माचिस की तिल्ली थमा दिया है. दिनभर मुसलमानों के खिलाफ नफरत का एजेंडा चल रहा होता है.
आरजेडी सांसद मनोज झा ने राज्यसभा में पब्लिक लाइब्रेरी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि आज हम स्वच्छता अभियान पर काम कर रहे हैं. सामाजिक स्वच्छता के साथ साथ हमें मानसिक स्वच्छता की भी जरूरत है और इसका बड़ा माध्यम लाइब्रेरी है. लाइब्रेरी कहीं खो गई है. किताबों की दोस्ती सबसे बेहतर होती है. इस पर काम करने की जरूरत है. किताब आपके अकेलेपन को आपकी कमजोरी नहीं मानती. किताबें बस चुपचाप आपके लौट आने का इंतजार करती हैं. आग्रह है कि लाइब्रेरी को सशक्त बनाइए. पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया.
राज्यसभा में स्वाति मालीवाल ने हेल्थ इंश्योरेंस का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि एक कंपनी है, जिसके पास ऑनलाइन इंश्योरेंस का बड़ा शेयर है. वह कंपनी अब अस्पतालों में भी पैसे लगा रही है. बीमा भी वही कंपनी कर रही है, क्लेम भी उसी कंपनी को देना है और एडमिट भी वही कंपनी करेगी. इसके लिए रेगुलेटरी बॉडी होनी चाहिए.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया. स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष के सदस्यों से अपनी सीट पर जाने, प्रश्नकाल चलने देने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान प्रतिपक्ष के आठ सदस्यों के सवाल भी लिस्टेड हुए हैं, लेकिन हंगामा कर रहे सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं हुआ. स्पीकर ओम बिरला ने इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.