सोनम वांगचुक अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. सफदरजंग अस्पताल ने मंगलवार सुबह उनकी सेहत को लेकर नया हेल्थ बुलेटिन जारी किया है. इस बुलेटिन में बताया गया है कि वांगचुक के शरीर के जरूरी पैमाने अभी स्थिर हैं, लेकिन उनके ब्लड शुगर का स्तर अब भी कम बना हुआ है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
VMMC और सफदरजंग अस्पताल के साथ साथ एम्स दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम मिलकर सोनम वांगचुक का इलाज कर रही है. बुलेटिन के मुताबिक रात में लिए गए उनके सैंपल की जांच में सीरम पोटैशियम का स्तर 3.2 एमईक्यू/एल पाया गया है, जो सामान्य से कम है.
इसके अलावा उन्हें पैंसाइटोपेनिया की दिक्कत भी बनी हुई है. इसका मतलब है कि उनके शरीर में खून की कमी है और सफेद रक्त कोशिकाओं की संख्या भी कम है. डॉक्टरों का कहना है कि इन सभी वजहों से बार बार जांच करते रहना जरूरी है.
फिलहाल वांगचुक को ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी यानी ORS दिया जा रहा है और मुंह से ही पोटैशियम की दवा भी दी जा रही है. लेकिन डॉक्टरों की बार-बार सलाह के बावजूद वे इंट्रावीनस यानी नस के जरिए दिए जाने वाले तरल पदार्थ और ग्लूकोज लेने से इनकार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: दिपके फिर जंतर-मंतर के धरना स्थल पहुंचे, साथ में करीब 100 लोग
अस्पताल ने बताया है कि वांगचुक में हल्के से मध्यम स्तर की डिहाइड्रेशन की समस्या अब भी बनी हुई है. इसके साथ ही उनकी जांच रिपोर्ट में लगातार गड़बड़ियां भी सामने आ रही हैं. लंबे समय से चल रहे उपवास के कारण उनके शरीर पर दबाव भी पड़ रहा है. इन सभी वजहों से डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें रखना बेहद जरूरी बताया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी को समय रहते पहचाना जा सके.
अस्पताल प्रशासन ने साफ किया है कि वांगचुक को हर जरूरी मेडिकल सुविधा दी जा रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. आगे का इलाज उनकी सेहत में सुधार और जांच रिपोर्ट्स के आधार पर तय किया जाएगा.
आशुतोष कुमार