हरियाणा के सोनीपत में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. एक प्रॉपर्टी डीलर परिवार के साथ कश्मीर घूमने गया था. पीछे घर की देखभाल के लिए बेटा और दो रिश्तेदार मौजूद थे. लेकिन जब वे कुछ देर के लिए बाहर गए और वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. अलमारी का सेफ खुला पड़ा था. सामान बिखरा था और घर से लाखों रुपये के गहने, लैपटॉप, टैबलेट, नकदी और जरूरी दस्तावेज गायब थे.
मामला सोनीपत की ब्रह्म कॉलोनी का है. पीड़ित कमल गाबा पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं. वे अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे. घर पर उनका बेटा और दो साले योगेश व सौरभ मौजूद थे. 16 जून को तीनों किसी काम से बाहर गए थे. जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला. अलमारी का सेफ खुला हुआ था. जांच करने पर पता चला कि घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टैबलेट, कैश और घर व दुकान की रजिस्ट्री गायब थी.
यह भी पढ़ें: 325 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और कैश… पूरी फैमिली शादी में गई, घर-दुकान में 50 लाख की हो गई चोरी
चोरी हुए सामान में सोने की चेन, हीरे की अंगूठियां, कड़े, मंगलसूत्र, चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान शामिल हैं. पीड़ित कमल गाबा के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 52 लाख 23 हजार रुपये है. घटना के बाद जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी.
फुटेज में महिला घर के अंदर एंट्री करती नजर आ रही है. पीड़ित का आरोप है कि महिला उनके बेटे और सालों के बाहर जाने से पहले ही घर में घुस गई थी. बाद में मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि महिला ने अपने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी. शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है.
इस मामले में पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को ब्रह्म कॉलोनी में स्थित एक घर में चोरी की सूचना मिली थी. शिकायत के अनुसार, घर से सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है. जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
पवन राठी