हरियाणा के हिसार में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इससे पहले पुणे में हुई फायरिंग की घटना को लेकर भी गैंग का नाम चर्चा में था. ऐसे में 24 घंटे के भीतर हरियाणा से लेकर पुणे तक गैंग के नाम की चर्चा तेज हो गई है.
हिसार के टोल प्लाजा पर हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. मृतक की पहचान टोल मैनेजर संजय शुक्ला के रूप में हुई है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया.
पोस्ट में लिखा गया कि जय महाकाल, जय श्री राम. राम राम सभी भाइयों को. जो आज हिसार टोल टैक्स पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला का मर्डर हुआ है, इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित, यूएसए, हरमन संधू, आरडी धालीवाल और बड़ा भाई हरि बॉक्सर लेते हैं.
कुचलकर हत्या और फिर सोशल मीडिया पर ऐलान
पोस्ट में आगे दावा किया गया कि संजय शुक्ला उनके दुश्मनों की मदद करता था. उसे पहले समझाया गया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी. इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई. पोस्ट में यह भी लिखा गया कि जो लोग उनके दुश्मनों की मदद करेंगे, उनका अंजाम भी ऐसा ही होगा. पोस्ट के अंत में Wait and Watch लिखा गया है.
सोशल मीडिया पर जारी इस पोस्ट में यह भी कहा गया कि उनकी लड़ाई देश के दुश्मनों, नशा तस्करों, रेपिस्ट और देश के खिलाफ काम करने वालों से है. पोस्ट के आखिर में जय हिंद लिखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो चालक ने संजय शुक्ला को टक्कर मार दी थी, जिससे वह सड़क पर गिर गए. आरोप है कि इसके बाद चालक ने गाड़ी को पीछे लिया और दोबारा संजय शुक्ला के ऊपर चढ़ा दिया. इसके बाद आरोपी हिसार की तरफ फरार हो गया. घटना के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारी गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे.
हत्या और वायरल पोस्ट के बीच कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट को लेकर भी जांच की जा रही है. हत्या की इस वारदात और जिम्मेदारी लेने के दावे ने इलाके में चर्चा और चिंता दोनों बढ़ा दी हैं.
अरविंद ओझा