गर्मी में ठंडा पानी पीना शरीर को राहत देता है. कुछ लोग यह भी मानते हैं कि ठंडी चीजें खाने या ठंडा पानी पीने से सर्दी- जुकाम होता है. अगर जुकाम है तो फिर ठंडा पानी पीना ही नहीं चाहिए. लेकिन क्या वाकई ये सभी बातें ठीक है? मेडिकल साइंस इस बारे में क्या कहती हैं यह जानने के लिए हमने एक्सपर्ट्स से बातचीत की है.
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल. एच घोटेकर ने इस बारे में बताया है. डॉ घोटेकर कहते हैं कि जुकाम, गले में खराश या सर्दी लगना यह सभी समस्याएं वायरस के कारण होती है. जब वायरस शरीर में चला जाता है तो यह रेस्पिरेटरी सिस्टम को नुकसान करता है. कुछ मामलों में गले में इंफेक्शन भी करता है जिससे खराश हो जाती है. अगर जुकाम की ही बात करें तो यह 200 से अधिक अलग- अलग प्रकार के वायरस के कारण हो सकता है.
जुकाम के लिए यह वायरस ज्यादा जिम्मेदार
डॉ. घोटेकर बताते हैं कि जुकाम के होने का सबसे आम कारण राइनोवायरस है. यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने के दौरान उसके शरीर से निकले ड्रॉपलेट्स से होता है. जिस जगह यह ड्रॉपलेट्स गिरे हैं ऐसी किसी सतह को कोई व्यक्ति छूकर अगर अपने नाक या चेहरे पर अगर गलती से हाथ लगा लेता है तो यह ड्रॉपलेट्स उस व्यक्ति की नाक या गले की झिल्ली में चले जाते हैं. इससे ही संक्रमण शुरू होता है, जिससे धीरे- धीरे जुकाम होने लगता है. कुछ लोगों को सर्दी- जुकाम साथ हो जाता है और गले में खराश होने लगती है. वायरस उन लोगों के शरीर पर जल्दी हमला करता है जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है.
यह भी पढ़ें: बुखार, खांसी और जुकाम कहीं कोरोना तो नहीं? कैसे पता करें फ्लू और कोरोना में अंतर
तो ठंडा पानी पीने या ठंडी चीजें खाने से जुकाम होने का कोई संबंध नहीं है?
द्वारका के मैक्स हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन विभाग की डायरेक्टर डॉ परिणिता कौर बताती हैं कि कुछ लोगों का मानना होता है कि ठंडा पानी पीने या ठंडी चीजें खा लेने से गले में खराश या सर्दी हो सकती है. हालांकि, इस दावे का समर्थन करने के लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. इस मामले में कोई रिसर्च भी नहीं है. ठंडा पानी पीने या ठंडी चीजें खाने का जुकाम से कोई सीधा संबंध नहीं हैं, हालांकि अगर कोई व्यक्ति बहुत ठंडा पानी पीता है तो इससे शरीर के तापमान में अचानक बदलाव आ जाता है, जिससे नाक और गले की नसें सिकुड़ जाती हैं और नाक के आसपास मौजूद वायरस शरीर पर आसानी से हमला कर देते है. इसलिए लोगों को लगता है कि ठंडा पानी पीने से जुकाम हो गया है, लेकिन यह इसका सीधा कारण नहीं है. ऐसे हर मामले में होता भी नहीं है.
यह भी पढ़ें: सर्दी, जुकाम और बुखार...14 दिन में 20 लोगों की मौत, इस गांव में जाने से भी डरने लगे लोग
जुकाम से बचने के लिए क्या करें
जुकाम से बचने के लिए जरूरी है कि आप वायरस के संपर्क में न आएं. इसके लिए हाथ धोकर भोजन करें. अपने चेहरे या नाक को बार- बार छूने से बचें. अगर जुकाम हो जाए तो गर्म पानी पिएं और आराम करें. इस दौरान मास्क भी लगाकर रखें.
aajtak.in