पेद्दी फिल्म स्टार राम चरण सरेआम इंडियन क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह से माफी मांग रहे हैं. और खुद को उनका फैन भी बता रहे हैं. लेकिन ऐसा क्या हुआ जो राम चरण को माफीनामा जारी करना पड़ा. उन्होंने क्रिकेटर का कब और कैसे अपमान कर दिया. आइये आपको बताते हैं.
बुमराह को गलत समझ बैठे राम
राम चरण की पेद्दी फिल्म आने वाली है. उन्होंने फिल्म के सॉन्ग लॉन्च इवेंट पर गलती से बुमराह को फुटबॉलर समझ लिया था. भोपाल में हुए इवेंट में फिल्म का गाना 'Hellallallo' लॉन्च किया गया. राम को जसप्रीत के खेल का बिल्कुल आइडिया नहीं था. लेकिन जिक्र हुआ तो वो बेहद कॉन्फिडेंटली उन्हें क्रिकेटर की जगह फुटबॉलर बता गए. साथ ही खुद को उनका फैन तक कह दिया.
दरअसल, इवेंट में एक रैपिड फायर राउंड चल रहा था, जिसमें राम चरण को भारतीय खिलाड़ियों के बारे में एक-एक लाइन बोलनी थी. जब उनसे सचिन तेंदुलकर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- उनका लंबा और शानदार करियर. एमएस धोनी के लिए बोले- कूल और शांत. रोहित शर्मा का नाम आते ही उन्होंने कहा- वो सबके अपने हैं. विराट कोहली पर राम चरण ने तुरंत कहा- फायर.
लेकिन जैसे ही होस्ट ने जसप्रीत बुमराह का नाम लिया, राम चरण थोड़ा रुके और फिर बोले- बुमराह जी, मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं. मुझे फुटबॉल बहुत पसंद है और आप फुटबॉल को बहुत आगे ले जा रहे हैं. लव यू सर.
बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो गया. फैंस समझ गए कि राम चरण से गलती हो गई है, लेकिन लोग ये सोचते रह गए कि आखिर उन्होंने बुमराह को किस फुटबॉलर से कन्फ्यूज कर दिया.
राम चरण ने मांगी माफी
वीडियो वायरल होने के साथ-साथ राम चरण की खूब किरकिरी भी हुई. शनिवार देर रात राम चरण ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर बुमराह से माफी मांगी. उन्होंने लिखा- उफ्फ… मैं कभी-कभी नामों को लेकर सच में बहुत कन्फ्यूज हो जाता हूं. बुमराह जी, इस गड़बड़ी के लिए माफी चाहता हूं. वहां काफी एक्साइटमेंट और भीड़ थी, इसलिए ये एक इंसानी गलती हो गई. मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं और आपके खेल का बड़ा फैन हूं. आप हर भारतीय को गर्व महसूस कराते हैं.
हालांकि अभी तक बुमराह ने इस माफी पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है.
पेद्दी ट्रेलर में राम चरण एक मल्टी-टैलेंटेड एथलीट के रोल में नजर आ रहे हैं. वो फिल्म में क्रिकेट, कुश्ती और रनिंग करते दिखेंगे. फिल्म में दिव्येंदु, कन्नड़ स्टार शिवराजकुमार और जगपति बाबू भी अहम रोल में हैं. फिल्म को सुकुमार राइटिंग्स प्रोड्यूस कर रहा है, जबकि इसका म्यूजिक ऑस्कर विनर एआर रहमान ने दिया है. फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क