25 साल पहले जो शाहरुख ने कहा, बदल गई जेठालाल की किस्मत, अब वीडियो वायरल

सुपरस्टार शाहरुख खान की साल 2001 में आई फिल्म वन टू का फोर की एक क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है. जिसका कनेक्शन सीधे 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से हो रहा है.

Advertisement
शाहरुख-जेठालाल का निकला तगड़ा कनेक्शन (Photo: YT/Sony SAB) शाहरुख-जेठालाल का निकला तगड़ा कनेक्शन (Photo: YT/Sony SAB)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:10 PM IST

TV इतिहास के सबसे फेमस शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में 'जेठालाल' का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए एक्टर दिलीप जोशी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि छोटे पर्दे पर आने से पहले दिलीप जोशी ने बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में भी काम किया है? इन फिल्मों में उन्होंने 'बॉलीवुड के बादशाह' यानी शाहरुख खान के साथ भी स्क्रीन शेयर की थी. इसी बीच सोशल मीडिया पर शाहरुख खान और दिलीप जोशी का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

दरअसल, यह वीडियो पूरे 25 साल पुराना है, जिसमें शाहरुख खान ने अनजाने में दिलीप जोशी को लेकर कुछ ऐसा कह दिया था, जो आगे चलकर उनके करियर के लिए बिल्कुल सच साबित हुआ. इस दिलचस्प इत्तेफाक को देखकर आज फैंस भी हैरान हैं.

'वन टू का फोर' का मजेदार सीन वायरल
यह वायरल वीडियो साल 2001 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फेमस फिल्म 'वन टू का फोर' (One 2 Ka 4) का है. फिल्म के एक सीन में शाहरुख खान और दिलीप जोशी एक साथ नजर आते हैं. सीन कुछ ऐसा है कि शाहरुख खान तेजी से सीढ़ियों से नीचे उतर रहे होते हैं और दिलीप जोशी ठीक सीढ़ियों के नीचे ही बिस्तर लगाकर सो रहे होते हैं. अंधेरे में शाहरुख उनसे टकराकर गिर जाते हैं और गुस्से में दिलीप जोशी से कहते हैं, 'चंपक की औलाद, कितनी बार कहा है कि सीढ़ियों के सामने बिस्तर मत लगाया कर.' फिल्म का यह सीन उस वक्त तो एक सामान्य कॉमेडी का हिस्सा था, लेकिन किसे पता था कि इसमें जेठालाल का भविष्य छिपा है.

Advertisement

7 साल बाद सच साबित हुई किंग खान की बात
फिल्म में बोला गया शाहरुख खान का यह डायलॉग ठीक 7 साल बाद दिलीप जोशी की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ लेकर आया. साल 2008 में जब मशहूर कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शुरू हुआ, तो दिलीप जोशी को इसमें लीड किरदार 'जेठालाल' का रोल मिला. दिलचस्प बात यह है कि इस शो में जेठालाल के पिता का नाम 'चंपकलाल गढ़ा' (बापूजी) है. यानी शाहरुख खान ने फिल्म में दिलीप जोशी को जिस 'चंपक की औलाद' कहकर पुकारा था, वो असल में टीवी स्क्रीन पर सच हो गया और वे चंपकलाल के बेटे 'जेठालाल' बन गए.

जेठालाल के किरदार से मिली घर-घर में पहचान
दिलीप जोशी साल 2008 से लगातार 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का हिस्सा बने हुए हैं और पिछले 18 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं.  जेठालाल के किरदार में उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और अनोखे अंदाज को लोगों का बेहिसाब प्यार मिला है. इस शो ने उन्हें इस कदर लोकप्रियता दी है कि आज देश-दुनिया में लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और 'जेठालाल' के नाम से ज्यादा पहचानते हैं. उनका यह किरदार इंडियन टेलीविजन के सबसे आइकॉनिक किरदारों में गिना जाता है.

गिनीज बुक में दर्ज हैं शो के रिकॉर्ड्स
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' (TMKOC) सिर्फ एक शो नहीं है, बल्कि इसके नाम टेलीविजन इंडस्ट्री के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं. सबसे लंबे समय तक चलने वाले डेली सिटकॉम (Daily Sitcom) के रूप में इस शो का नाम 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' और 'लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया जा चुका है. अपनी शानदार यात्रा में यह टीवी सीरियल 4500 से ज्यादा एपिसोड्स पूरे करने का एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक आंकड़ा भी पार कर चुका है, जो अपने आप में एक मिसाल है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »