पाकिस्तान में बैठे आतंकी और उसके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पंजाब और हरियाणा में बड़ा अभियान चलाया. एजेंसी ने दोनों राज्यों के 9 जिलों में एक साथ 18 ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी शाहजाद भट्टी से जुड़े तीन अलग-अलग आतंकी-गैंगस्टर मामलों की जांच के तहत की गई. NIA का मकसद सीमा पार से संचालित पूरे नेटवर्क और उसके सहयोगियों का पता लगाना है.
NIA की टीमों ने समन्वित तरीके से कई परिसरों की तलाशी ली और कई लोगों से पूछताछ भी की. जांच के दौरान एजेंसी ने विभिन्न संचार नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई. अधिकारियों ने कई डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं. इन सबूतों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित किया गया है.
एजेंसी के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान जुटाए गए सभी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को फोरेंसिक तथा तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है. NIA का मानना है कि इन सबूतों से सीमा पार से संचालित बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हो सकता है. जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि भारत में बैठे कौन-कौन लोग इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे और उन्हें किस तरह निर्देश मिल रहे थे.
जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं. इन लोगों को आगे की पूछताछ और जांच में सहयोग के लिए NIA के सामने पेश होने को कहा गया है. एजेंसी का कहना है कि शाहजाद भट्टी के सहयोगियों, संपर्क सूत्रों और आतंकी साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करना इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य है. इसी दिशा में जांच लगातार आगे बढ़ रही है.
NIA की जांच में सामने आया है कि मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के पीछे शाहजाद भट्टी का हाथ था. इस मामले में अप्रैल 2026 में एजेंसी ने शाहजाद भट्टी को फरार आरोपी घोषित करते हुए उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. इस केस में एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी आरोपपत्र दायर किया गया था.
जांच एजेंसी ने यह भी पाया है कि नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा महिला थाना परिसर में हुए विस्फोट का मास्टरमाइंड भी शाहजाद भट्टी था. इस मामले में मई 2026 में NIA ने कुल 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. आरोपपत्र में शाहजाद भट्टी के अलावा पाकिस्तान स्थित हैंडलर सोहैल अहमद उर्फ सोहैल बलोच का नाम भी शामिल किया गया था.
इसके अलावा जनवरी 2026 में हरियाणा के अंबाला स्थित बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में हुए कार बम विस्फोट की जांच में भी शाहजाद भट्टी की भूमिका सामने आई है. NIA के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के शाहजाद भट्टी के साथ सीधे संपर्क में होने के प्रमाण मिले हैं. एजेंसी इस कड़ी के जरिए पूरे आतंकी नेटवर्क की परतें खोलने का प्रयास कर रही है.
NIA का कहना है कि तीनों मामलों की जांच अभी जारी है और सीमा पार से संचालित आतंकी साजिश के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. एजेंसी का फोकस आतंकियों, गैंगस्टरों, फंडिंग नेटवर्क और उनके स्थानीय सहयोगियों के बीच मौजूद संबंधों को उजागर करना है. हालिया छापेमारी को इसी व्यापक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पूरे आतंक-गैंगस्टर नेटवर्क को तबाह करने की कोशिश की जा रही है.
जितेंद्र बहादुर सिंह