बेंगलुरु का रियल एस्टेट मार्केट इन दिनों आसमान छूती कीमतों को लेकर लगातार चर्चा में है. हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर सामने आए एक आलीशान फ्लैट की तस्वीरों ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. कोई इस चमचमाती प्रॉपर्टी को देखकर हैरान है, तो कोई इसकी भारी-भरकम कीमत पर सवाल उठा रहा है.
बेंगलुरु में एक आलीशान 3BHK अपार्टमेंट की झलक दिखाने वाली एक रेडिट पोस्ट ने इंटरनेट पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी है, जहां कई सोशल मीडिया यूजर्स इस प्रॉपर्टी की भव्यता को देखकर दंग हैं, वहीं कई अन्य लोग इसकी ₹6.5 करोड़ की होश उड़ा देने वाली कीमत पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
'बेंगलुरु रियल एस्टेट्स' (BangaloreRealEstates) नाम के रेडिट कम्युनिटी पर शेयर की गई इस पोस्ट में शहर के बेहद पॉश इलाके मिलर्स रोड, बेन्सन टाउन में स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट की पूरी जानकारी दी गई थी. हालांकि इस अपार्टमेंट को लोगों की काफी तारीफें मिलीं, लेकिन इसकी आसमान छूती कीमत ऑनलाइन आलोचना का केंद्र भी बन गई.
₹6.5 करोड़ का 3BHK फ्लैट
रेडिट लिस्टिंग के मुताबिक, यह फ्लैट 2,850 स्क्वायर फीट के विशाल एरिया में फैला हुआ है, इसमें 3 बेडरूम, एक सर्वेंट क्वार्टर और 2 कार पार्किंग स्पॉट दिए गए हैं. इस अपार्टमेंट को खरीदने वाले को सोसायटी के स्विमिंग पूल और बच्चों के खेलने के इलाके की सुविधा मिलेगी. छठी मंजिल पर स्थित यह पूरी तरह से फर्निश्ड अपार्टमेंट ₹6.5 करोड़ की कीमत के साथ लिस्ट किया गया था.
हालांकि, हर कोई इस बात से सहमत नहीं था कि यह अपार्टमेंट इस भारी-भरकम कीमत के लायक है. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'पूरी तरह बेकार, संकरा और जरूरत से ज्यादा महंगा ठिकाना.' वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया, 'आखिर सिर्फ एक फ्लैट के लिए कोई इतने पैसे क्यों देगा.
यह भी पढ़ें: नोएडा हुआ महंगा, एनसीआर का नया 'रियल एस्टेट हॉटस्पॉट' बना गाजियाबाद
aajtak.in