अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने रविवार को बिहार में ग्रामीण विजन केयर पहल की शुरुआत की है, जिसकी लागत 150 करोड़ रुपये है. इस पहल को दुनियाभर में फैलाने के लिए एक्स्ट्रा 500 करोड़ रुपये देने का भी वादा किया है.
इस पहल का उद्देश्य दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र देखभाल इकोसिस्टम में से एक का निर्माण करना है, जिसमें सालाना 3.3 लाख आंखों की सर्जरी करने और हर साल 1,000 आई केयर डॉक्टर्स को ट्रेनिंग देने की भी क्षमता होगी.
विजन केयर पहल की घोषणा पटना से लगभग 70 किलोमीटर दूर मस्तीचक में एक समारोह के दौरान किया गया. इस पहल का उद्देश्य दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण विजन इकोसिस्टम में से एक का निर्माण करना है. साथ ही हिंदी भाषी क्षेत्रों के जरूरतमंदों को सम्मान, उम्मीद और आंखों की रोशनी का तोहफा देना, सस्ते इलाज, ग्रामीण इलाकों तक पहुंच और आंखों की देखभाल से जुड़े स्किल को मजबूत करना है.
सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए गौतम अडानी ने कहा कि 'सेवा ही साधना है' सिर्फ़ एक नारा नहीं है, बल्कि एक मार्गदर्शक सिद्धांत है जिसे समाज के लिए स्थायी संस्थाओं में बदलना जरूरी है. उन्होंने लिखा, 'आंखों की रोशनी लौटाना सिर्फ एक मेडिकल इलाज नहीं है. यह किसी इंसान की जिंदगी में उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने जैसा है.'
गौतम अडानी ने मानवीय और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा मिशन को पूरे देश में फैलाने के लिए ₹500 करोड़ और 'अडानी अखंड ज्योति फाउंडेशन' की स्थापना की भी घोषणा की. उन्होंने बताया कि नया ट्रस्ट 'अडानी अखंड ज्योति फाउंडेशन' बिहार में पैदा हुई सेवा की भावना को पूरे भारत के ज़रूरतमंद समुदायों तक पहुंचाने की कोशिश करेगा. यह फाउंडेशन बिहार में स्थित आंखों की देखभाल करने वाली एक प्रमुख ग्रामीण संस्था, अखंड ज्योति फाउंडेशन के साथ मिलकर, मस्तीचक में 'अडानी सेंटर फॉर आई' (ACE) और 'अडानी ट्रेनिंग इन ऑप्थेल्मिक मेडिसिन' (ATOM) को आर्थिक मदद देगा.
इसके अलावा, अडानी फाउंडेशन ने बिहार के भागलपुर ज़िले के पीरपैंती में, अडानी ग्रुप के आने वाले 2,400 MW के अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के पास, 200 बिस्तरों वाला एक अस्पताल बनाने की योजना का ऐलान किया है. इस अस्पताल का मकसद है कि सस्ती स्वास्थ्य सेवा तक लोगों की पहुंच को और मजबूत बनाया जाए. साथ ही पूर्वी बिहार के ज्यादा बड़े हिस्से तक कम्युनिटी आउटरीच और इलाज के फायदे पहुंचाए जाएं
इस समारोह में गौतम अडानी के साथ डॉ. प्रीति अडानी (चेयरपर्सन, अडानी फाउंडेशन) और मृत्युंजय तिवारी (सह-संस्थापक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी – CEO और कार्यकारी ट्रस्टी – अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल) भी मौजूद थे.
आजतक बिजनेस डेस्क