बिहार के जमुई में हुई बदसलूकी के मामले को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है. इस पूरे मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पहला बड़ा बयान सामने आया है. सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता है. उन्होंने साफ किया कि जब भी कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देगा, तो पुलिस उसका मुंहतोड़ जवाब देगी और पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का एकमात्र ध्यान सुशासन पर है. दूसरी तरफ, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है. तेजस्वी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब पुलिस के अनुसार इस वारदात में छह से सात लड़के शामिल थे, तो फिर बाकी आरोपियों के नाम उजागर क्यों नहीं किए गए और उन पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है. उन्होंने सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया. इसी बीच, जमुई कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में वह अपने साथी के साथ बाइक पर रील बनाता दिख रहा है. इसके अलावा, बालू खनन के दौरान शराब पार्टी करने का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पुलिस और कानून व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार को घेर रहा है और अपराधियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है.