scorecardresearch
 

दोस्ती, धोखा और 25 लाख, अपनों ने ठगा तो गाजियाबाद की करिश्मा ने दे दी जान

गाजियाबाद में 23 साल की युवती की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है. परिजनों ने सहेली समेत कई लोगों पर लाखों रुपये की ठगी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. युवती ने सलफास खाकर आत्महत्या की थी. पुलिस मामले को आर्थिक विवाद और अन्य आरोपों के एंगल से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

Advertisement
X
गाजियाबाद में युवती की मौत से सनसनी (Photo: Screengrab)
गाजियाबाद में युवती की मौत से सनसनी (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र में 23 साल की युवती की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान महरौली निवासी करिश्मा (23) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवती ने सलफास खा लिया था. गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच करने की बात कह रही है.

दोस्ती, पैसा और विवाद में उलझी करिश्मा ने दे दी जान

मृतका के पिता पवन वर्मा ने आरोप लगाया है कि करिश्मा की बचपन की सहेली शिवांगी, उसकी भाभी सपना, मित्र राहुल और दिल्ली निवासी एक अन्य युवक राहुल जैन ने मिलकर करिश्मा के बैंक खाते में जमा लगभग 25 से 30 लाख रुपये हड़प लिए. परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने बहला-फुसलाकर करिश्मा से रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवाई.

परिवार का कहना है कि जब करिश्मा ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और ब्लैकमेल भी किया गया. लगातार तनाव और दबाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.

Advertisement

पैसे के लिए प्रताड़ना का परिवार ने लगाया आरोप

परिजनों ने यह भी बताया कि करीब सात महीने पहले भी करिश्मा ने आत्महत्या की कोशिश की थी. उस समय वेव सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. बाद में मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां से दबाव बनने के बाद आरोपित पक्ष द्वारा कुछ रकम के चेक दिए गए थे. बताया जा रहा है कि यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.

पुलिस के अनुसार दूसरी ओर आरोपित पक्ष द्वारा एससी/एसटी एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement