scorecardresearch
 

UP: इलाज कराकर लौट रहे परिवार पर हाथी ने बोला हमला, बाइक को रौंदा, महिला की मौत

बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र के पास जंगली हाथी के हमले में 45 साल की महिला की मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए. महिला अपने बेटों के साथ इलाज कराकर घर लौट रही थी, तभी हाथी ने बाइक पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Advertisement
X
हाथी ने ली महिला की जान. (Photo: Representational)
हाथी ने ली महिला की जान. (Photo: Representational)

उत्तर प्रदेश के बहराइच में स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के पास रविवार को जंगली हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है.

पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के परसापुरवा गांव निवासी 45 साल की मुन्नी देवी के रूप में हुई है. वह शनिवार को अपने दो बेटों करण निषाद (18 वर्ष) और अर्जुन निषाद (15 वर्ष) के साथ बाइक से इलाज कराने मिहीपुरवा आई थीं.

जंगली हाथी का हमला, महिला की मौत

इलाज के बाद जब तीनों मिहीपुरवा-लखीमपुर रोड से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी मोटे बाबा मंदिर के पास अचानक जंगल से एक जंगली हाथी सड़क पर आ गया. हाथी ने सीधे बाइक पर हमला कर दिया, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई.

ग्रामीणों के मुताबिक बाइक गिरने के बाद हाथी ने मुन्नी देवी को कुचल दिया. घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया. स्थानीय लोगों की मदद से महिला और उसके दोनों बेटों को तुरंत सरकारी एंबुलेंस से लखीमपुर खीरी के अस्पताल ले जाया गया.

Advertisement

इलाज करवाकर लौट रहा था परिवार

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घटना कतर्नियाघाट के निशानगढ़ा वन रेंज क्षेत्र में हुई है. यह इलाका बहराइच और लखीमपुर खीरी के जंगलों से जुड़ा हुआ है, जहां जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है. घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से जंगल किनारे वाले रास्तों पर सतर्कता बरतने की अपील की है. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement