सफर पर निकले हों और सड़क किनारे ढाबे या ठेले पर गरमा-गरम स्ट्रीट फूड न खाया जाए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. चाय की चुस्की के साथ पकौड़े या किसी ढाबे का तीखा खाना सफर का मजा दोगुना कर देता है. लेकिन कभी-कभी स्वाद का यह चक्कर सेहत पर भारी भी पड़ जाता है.
अक्सर लोग सफर में अनजाने में कुछ भी खा लेते हैं और फिर फूड पॉइजनिंग या पेट खराब होने की वजह से पूरा ट्रिप बर्बाद हो जाता है. इसलिए, अगर आप भी घूमने के शौकीन हैं और रास्ते में स्ट्रीट फूड का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है. चलिए जानते हैं कि सफर के दौरान बाहर खाते समय आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि आपकी सेहत और सफर दोनों सलामत रहें.
भीड़ वाली दुकान और गरमा-गरम खाना ही चुनें
जब भी रास्ते में किसी स्टॉल या दुकान पर रुकें, तो कोशिश करें कि वहीं खाएं जहां ज्यादा भीड़ हो. भीड़भाड़ का मतलब सीधा सा है कि वहां का सामान ताजा है और जल्दी-जल्दी बिक रहा है. बासी खाना मिलने की गुंजाइश वहां कम होती है. साथ ही, हमेशा वही चीजें ऑर्डर करें जो आपकी आंखों के सामने बन रहा हो. गर्म खाने में कीटाणु होने का खतरा बहुत कम होता है, जबकि पहले से बनाकर रखा गया खाना इन्फेक्शन का कारण बन सकता है.
यह भी पढ़ें: एक दिन के किराए में मिडिल क्लास खरीद ले घर! ऐसे छुट्टियां मनाते हैं 'सुपर रिच'
साफ-सफाई और कच्चे खाने से बना लें दूरी
खाने से पहले एक नजर वेंडर की दुकान और उसके बर्तनों पर जरूर डालें. अगर वहां मक्खियां भिनभिना रही हों या कूड़ेदान न हो, तो वहां से हटने में ही भलाई है. एक और जरूरी बात, सफर में कच्चे सलाद, कटे हुए फलों या पानी वाली कच्ची चटनी से पूरी तरह परहेज करें. ऐसी चीजें इन्फेक्शन को जल्दी न्योता देती हैं. अगर फल खाने का मन है, तो केला या संतरा जैसे फल चुनें जिन्हें आप खुद छीलकर खा सकें.
पानी की बोतल और हाथों की सुरक्षा है जरूरी
सड़क किनारे मिलने वाले खुले पानी या जग के पानी को पीने से बचें, चाहे वो कितना ही साफ क्यों न दिखे. हमेशा सीलबंद बोतलबंद पानी का ही इस्तेमाल करें. इसके अलावा, हाथों की सफाई का खास ख्याल रखें. खाना खाने से पहले और बाद में सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें या साबुन से हाथ धोएं. कई बार हम पैसे के लेनदेन के बाद उन्हीं हाथों से खाना शुरू कर देते हैं, जो बीमारी की सबसे बड़ी वजह बनता है क्योंकि नोट और सिक्कों पर काफी गंदगी होती है.
यह भी पढ़ें: भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में बड़ा सुधार, 56 देशों में बिना वीजा एंट्री
दही और बासी तेल से बचें
गर्मियों या बरसात के मौसम में दही वाली चीजें जैसे दही-पूरी या चाट खाने से बचना चाहिए, क्योंकि दही बहुत जल्दी खराब हो जाता है. साथ ही, तली हुई चीजों को देखते समय यह भी गौर करें कि तेल बहुत ज्यादा काला या बासी न हो. बासी तेल में तला खाना न सिर्फ भारी होता है बल्कि पेट को तुरंत खराब कर सकता है. अगर आप पहली बार किसी जगह का खाना ट्राई कर रहे हैं, तो कोशिश करें कि बहुत ज्यादा मिर्च-मसाले वाली चीजें न लें. अपनी पाचन क्षमता के हिसाब से सादा और हल्का खाना ही चुनना समझदारी है.