विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने नागपुर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में द. अफ्रीका को 124 रनों से हरा दिया है. जीत के लिए 310 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए द. अफ्रीकी टीम 185 रनों पर ही ऑलआउट हो गई.
दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने भारत के लिए 66 रन देकर सात विकेट झटके. अश्विन ने पहली पारी में भी 32 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए थे. अश्विन के इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी ले ली. सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट 3 दिसंबर से फिरोजशाह कोटला स्टेडियम, दिल्ली में खेला जाएगा.
भारत और द. अफ्रीका के बीच नागपुर में चल रहे तीसरे टेस्ट के पहले दो दिनों में 32 विकेट गिरे थे.
भारत और द. अफ्रीका के बीच नागपुर में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक द. अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 32 रन बनाए थे.
इससे पहले भारत अपनी दूसरी पारी में 173 रनों पर ऑलआउट हो गया था.
भारत के लिए दूसरी पारी में शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 39 रनों का योगदान दिया. द. अफ्रीका के लिए इमरान ताहिर ने पांच और मोर्ने मोर्कल ने तीन विकेट लिए.
इससे पहले तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपने पहले दिन के स्कोर 11-2 से आगे खेलने उतरी द. अफ्रीकी टीम ने अपने स्कोर में एक रन जोड़ने के साथ ही तीन विकेट गंवा दिए. जिससे उनका स्कोर 12 रनों पर पांच विकेट हो गया.
भारत के पहली पारी में 215 के जवाब में खेलने उतरी द. अफ्रीका अपनी पहली पारी में 79 रनों पर ही सिमट गई. द. अफ्रीका के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके. भारत के लिए अश्विन ने पांच और जडेजा ने चार विकेट लिए.
भारत ने अपनी पहली पारी में 215 रन बनाए थे. भारत के लिए मुरली विजय ने सबसे ज्यादा 40 रनों का योगदान दिया.
द. अफ्रीका के लिए पहली पारी में साइमन हार्मर ने चार जबकि मोर्ने मोर्कल ने तीन विकेट झटके.
इस टेस्ट की पहली पारी में पगबाधा आउट होने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज मुरली विजय अपनी आखिरी 11 टेस्ट पारियों में 6 बार पगबाधा आउट हो चुके हैं. टेस्ट में कम से कम पचास बार आउट होने वाले ओपनरों में विजय का पगबाधा आउट होने का प्रतिशत 28.1 फीसदी है. विजय इस लिस्ट में ओवरऑल तीसरे नंबर पर है.
अपने स्पिनरों की अच्छी गेंदबाजी से टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली काफी खुश दिखे.