Advertisement

G7 Summit 2026 Live Updates: G-7 समिट में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात, हैंडशेक के बाद साथ बैठे

aajtak.in | नई दिल्ली | 16 जून 2026, 7:08 PM IST

G7 Summit 2026 Live Updates: फ्रांस के एवियन पहुंचे पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया. करीब 16 महीने बाद दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात हुई है. समिट की अहम बैठकों के अलावा, सबकी नजरें बुधवार को होने वाली पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक पर टिकी हैं.

मंगलवार को जी7 नेताओं ने एक साथ समूह तस्वीर खिंचवाई. (File Photo)

PM Modi G7 Summit Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जी-7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया. दोनों वैश्विक नेताओं के बीच करीब 16 महीने के लंबे वक्त बाद यह मुलाकात हुई है. पीएम मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के न्योते पर 52वें जी-7 समिट में हिस्सा लेने फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस पहुंचे हैं. वे आज समिट की कई अहम बैठकों में शामिल होंगे. इस बीच सबकी नजरें बुधवार को होने वाली दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बैठक पर टिकी हैं. इस बैठक में व्यापार, वीजा नियमों और ऊर्जा सहयोग जैसे बड़े मुद्दों पर अहम चर्चा हो सकती है.

समिट के बीच पीएम मोदी का आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. वे आज तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे. जहां वे कई अहम बैठकों में शामिल होंगे और तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे.

भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन पीएम मोदी का आधिकारिक स्वागत करेंगे. खास बात यह है कि G7 देशों के बाद आमंत्रित साझेदार देशों में भारत पहला देश होगा, जिसका स्वागत राष्ट्रपति मैक्रॉन खुद करेंगे. इसके बाद शाम 6:45 बजे से रात 8:45 बजे तक पीएम मोदी G7 देशों, साझेदार देशों, वर्ल्ड बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक की वर्किंग मीटिंग में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में नई वैश्विक साझेदारी बनाने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी. फिर रात 8:50 बजे से 9:15 बजे तक पीएम मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसके बाद रात 9:25 बजे से 9:50 बजे तक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात तय है. वहीं, रात 10:05 बजे से 10:30 बजे तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति के साथ अहम बैठक होगी.

इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रॉन की तरफ से आयोजित गाला डिनर में पीएम मोदी शामिल होंगे. भारतीय समयानुसार यह डिनर रात 12 बजे यानी 16 और 17 जून की मध्यरात्रि में शुरू होगा.

इस बार G7 समिट में आर्थिक चुनौतियां, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक तनाव और टिकाऊ विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी है. ऐसे में भारत की भागीदारी पर भी सबकी नजर बनी हुई है.

7:08 PM (20 मिनट पहले)

G7 Summit: जी-7 के विशेष सत्र में पहुंचे पीएम मोदी, अहम बैठक में लिया हिस्सा

Posted by :- Dheeraj

फ्रांस के एवियन में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन से अहम जानकारी आ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट के 'आउटरीच सत्र' यानी विशेष बैठक में शामिल हुए हैं. पीएम मोदी इस मंच के जरिए भारत का पक्ष दुनिया के सामने रखेंगे.

7:02 PM (26 मिनट पहले)

G7 Summit: कल शाम होगी पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की बैठक, समय हुआ तय

Posted by :- Dheeraj

फ्रांस के एवियन में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के बीच बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को द्विपक्षीय वार्ता होगी. भारतीय समयानुसार यह महाबैठक कल शाम 6:15 बजे शुरू होगी. 16 महीने के लंबे वक्त के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत होगी, जिसमें व्यापार समझौते और रणनीतिक रिश्तों पर अहम चर्चा हो सकती है.
 

6:53 PM (34 मिनट पहले)

G7 Summit: पीएम मोदी ने डोनाल्‍ड ट्रंप से मिलाया हाथ

Posted by :- Dheeraj

जी-7 शिखर सम्मेलन से इस वक्त की बड़ी अपडेट आ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया. दोनों वैश्विक नेताओं के बीच यह मुलाकात करीब 16 महीने के लंबे वक्त के बाद हुई है. दोनों नेताओं के बीच बुधवार को द्विपक्षीय बैठक भी होनी है.

5:36 PM (एक घंटा पहले)

G7 Summit: आज तीन देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मिलेंगे PM मोदी

Posted by :- Dheeraj

समिट के बीच पीएम मोदी का आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. वे आज तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे. जहां वे कई अहम बैठकों में शामिल होंगे और तीन देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे.

Advertisement
5:33 PM (एक घंटा पहले)

जी-7 समिट के लिए एवियन पहुंचे PM मोदी, लगातार आठवीं बार भारत को न्योता

Posted by :- Dheeraj

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आज फ्रांस के एवियन पहुंच गए हैं. ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज और विकासशील देशों के प्रतिनिधि के तौर पर भारत को लगातार आठवीं बार इस समिट में आमंत्रित किया गया है. एवियन पहुंचे पीएम मोदी के इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली उनकी द्विपक्षीय मुलाकात है, जिसके साथ ही वे दुनिया के कई अन्य बड़े नेताओं के साथ भी अहम बैठकें करेंगे.