कोलकाता में पुलिस के हाथ एक ऐसी खेप लगी है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां पुलिस ने चेकिंग के बीच दो लोगों को पकड़ा, उनके पास करीब 4 किलो सोना निकल आया. सवाल है कि ये सोना कहां से आया. क्या यह सोना किसी बड़े हवाला नेटवर्क का हिस्सा था?
एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता के उत्तरी इलाके लेक टाउन के बी-ब्लॉक में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. जब दोनों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से करीब चार किलो सोना बरामद हुआ. इतना सोना बरामदगी के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है.
शुरुआती जांच में पुलिस अधिकारियों को शक है कि बरामद सोना तस्करी के जरिए लाया गया हो सकता है और इसका इस्तेमाल हवाला नेटवर्क के जरिए होने वाले लेनदेन में किया जाना था. हालांकि, फिलहाल पुलिस इसकी जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक से गोवा, मुंबई, दिल्ली तक... ED ने की रेड, 1.68 करोड़ कैश और 6.75 किलो सोना बरामद
अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सोना आखिर आया कहां से था और इसे किस तक पहुंचाया जाना था. इसके लिए आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है. साथ ही उनके आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल हो रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है.
पुलिस का एक और फोकस इस बात पर है कि क्या गिरफ्तार दोनों आरोपी पहली बार इस तरह की खेप लेकर जा रहे थे या इससे पहले भी ऐसी डिलीवरी कर चुके हैं. अगर पुराने लिंक मिलते हैं, तो मामला सिर्फ दो आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगा और किसी बड़े तस्करी या हवाला सिंडिकेट का खुलासा भी हो सकता है.
फिलहाल बरामद सोने की शुद्धता, उसकी वास्तविक कीमत और सोर्स की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि यह जांच अभी शुरुआती दौर में है और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
aajtak.in