राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में SIT के हाथ लगे अहम सुराग, कई पेनड्राइव में लिया CCTV डाटा

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी ने तीसरे दिन भी जांच जारी रखी. टीम ने सीसीटीवी फुटेज का डाटा करीब दर्जनभर पेनड्राइव में लिया है और एसबीआई कर्मचारियों से भी पूछताछ की. आरोपी रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू ने आरोपों को निराधार बताया, जबकि परिवार ने उन्हें साजिश का शिकार बताया है.

Advertisement
चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी को हाथ लगे अहम सुराग. (Photo: ITG) चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी को हाथ लगे अहम सुराग. (Photo: ITG)

संतोष शर्मा

  • लखनऊ,
  • 17 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:43 PM IST

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज हो गई है. तीसरे दिन भी जांच के लिए एसआईटी टीम पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की. इसी बीच खबर आई है कि एसआईटी के हाथ अहम सुराग लगे हैं. एसआईटी ने करीब दर्जनभर पेनड्राइव में CCTV के डाटा को लिया है, जिसकी जांच होगी.

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एसआईटी ने एसबीआई के बैंक कर्मियों से भी उनके कामकाज पर डिटेल्स में पूछताछ की है. हालांकि इस मामले के एक आरोपी रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू ने तमाम आरोपों को खारिज कर दिया है. वहीं टिल्लू यादव के घरवालों ने भी उन्हें बेगुनाह बताया.

Advertisement

टिल्लू के परिवार वालों ने आरोपों को नकारा
परिजनों का कहना है कि टिल्लू यादव को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है और उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है. परिवार ने दावा किया कि उनका रहन-सहन सामान्य है और उनके पास वैसी संपत्ति नहीं है, जैसी चर्चा की जा रही है. टिल्लू यादव का घर अयोध्या की एक छोटी और संकरी गली में स्थित है, जो राम की पैड़ी से करीब 50 मीटर और राम मंदिर से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर है.

19 जून को अयोध्या जाएंगे CM योगी
परिवार का कहना है कि जांच पूरी होने पर सच्चाई सामने आएगी और टिल्लू यादव निर्दोष साबित होंगे. इधर, राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद और एसआईटी जांच के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट और राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या पहुंचेंगे.

Advertisement

इस दौरान वह महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों की एसआईटी जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »