उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर मामला सुर्खियों में है. इस बीच राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें सोमवार को दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर अस्पताल लाया गया था. उस समय उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और साथ ही पेशाब में इंफेक्शन की शिकायत भी थी. भर्ती होने के बाद से ही डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.
अस्पताल के डॉक्टर ने महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी है. डॉक्टर ने बताया कि महंत गोपाल की सेहत अब पहले से काफी बेहतर है. उन्होंने कहा कि हर कोई महंत गोपाल के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ कर रहा है. उन्हें भर्ती हुए दो दिन हो चुके हैं और उनकी हालत में लगातार सुधार देखा जा रहा है.
डॉक्टर के मुताबिक महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज अस्पताल की सीसीएम टीम कर रही है. इस टीम की अगुवाई डॉ. दिलीप दुबे कर रहे हैं. पेशाब में जो इंफेक्शन हुआ है, उसकी जांच और इलाज खुद डॉक्टर देख रहे हैं. डॉक्टर ने भरोसा दिलाया कि महंत गोपाल को लगातार स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है और उनकी सेहत सुधर रही है.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: रडार पर बैंक में पैसे पहुंचाने वाले कर्मचारी, मांगी गई पल- पल की रिपोर्ट
हालांकि डॉक्टर ने यह भी साफ किया कि महंत नृत्य गोपाल दास को पूरी तरह ठीक होने में अभी तीन से चार दिन और लग सकते हैं. डॉक्टर ने उम्मीद जताई है कि स्वास्थ्य लाभ के बाद महंत गोपाल एक बार फिर अयोध्या लौट जाएंगे. अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर पूरी नजर बनाए हुए है ताकि जल्द से जल्द वह पूरी तरह स्वस्थ हो सकें.
मयंक शुक्ला / समर्थ श्रीवास्तव