उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक की मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का दावा है कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रची थी, क्योंकि बच्चा दोनों के प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था.
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 16 जून को हुई, जब बच्चे की दादी ने बहसूमा थाने में तहरीर देकर बताया कि अर्पित शर्मा उनके छह वर्षीय पोते को वैगनार कार में बैठाकर ले गया है. उन्होंने बच्चे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी.
यह भी पढ़ें: मेरठ: 'अब जीने की इच्छा नहीं... बस यार-दोस्तों को आंच ना आए', बोलकर युवक ने कनपटी पर मार ली गोली
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया.
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर मिला मासूम का शव
जांच के दौरान पुलिस ने मीरापुर, मुजफ्फरनगर निवासी मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने बच्चे की हत्या कर शव को हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में छिपा दिया था.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मासूम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात में प्रयुक्त वैगनार कार भी बरामद कर ली गई.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. इसी दौरान मृतक की मां गुरप्रीत कौर की भूमिका संदिग्ध नजर आई, जिसके बाद जांच का दायरा और बढ़ाया गया.
चैट और वीडियो कॉल से खुली साजिश की परतें
पुलिस ने अर्पित शर्मा और गुरप्रीत कौर के बीच हुई चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए. जांच में मिले इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में सामने आया कि अर्पित शर्मा और गुरप्रीत कौर के बीच प्रेम संबंध थे. पुलिस के अनुसार महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे पहले से जानकारी थी कि अर्पित बच्चे को हत्या के इरादे से अपने साथ ले जा रहा है.
पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच हुई बातचीत, चैट और वीडियो कॉल से हत्या की साजिश की पुष्टि हुई है. जांच के मुताबिक प्रेम संबंधों में बच्चा बाधा बन रहा था, इसलिए उसकी हत्या की योजना बनाई गई.
SP बोले- चार टीमों ने जुटाए डिजिटल सबूत
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 16 जून 2026 को बहसूमा थाना क्षेत्र से बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन किया गया था. जांच में सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई.
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बच्चे को अपनी कार में बैठाकर पास के खेत में ले गया और उसकी हत्या कर दी. उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया.
एसपी ने कहा कि जांच के दौरान कई चैट और वीडियो कॉल सामने आए, जिनसे मृतक की मां गुरप्रीत कौर की भूमिका भी सामने आई. पूछताछ में महिला ने भी स्वीकार किया कि उसे पहले से हत्या की योजना की जानकारी थी. फिलहाल उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है और बहसूमा थाना पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और एक मां पर अपने ही बेटे की हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप से लोग स्तब्ध हैं.
उस्मान चौधरी