Uttar Pradesh News: लखीमपुर खीरी के कलेक्ट्रेट परिसर में एक युवक एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में थैले में प्रार्थनापत्र लेकर डीएम ऑफिस के सामने पहुंच गया. वह भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने लगा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद पुलिस और पड़ोसियों का पक्ष भी सामने आया.
कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजी भ्रष्टाचार विरोधी आवाज
जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरमपुर गांव के रहने वाले राम सिंह ने डीएम ऑफिस के सामने हाथ में कुल्हाड़ी और प्रार्थनापत्र लेकर प्रदर्शन किया. उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और सनी देओल की 'घायल' मूवी स्टाइल में अधिकारियों को चेतावनी दी. वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
राम सिंह ने खुद को बताया पृथ्वीराज चौहान का वंशज
वायरल वीडियो में राम सिंह बोलता दिखा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसका कुल्हाड़ा उठा है. उसने खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज और मजदूर बताया. उसने फिल्म के डायलॉग (ये मजदूर का हाथ है कातिया...) का हवाला देते हुए कहा कि वह पंक्चर जोड़ने का काम करता है और उसमें अच्छे-अच्छे अधिकारियों की सर्विस करने का दम है. उसने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी न किसी को भगत सिंह बनना पड़ेगा.
जमीनी विवाद और पड़ोसियों का आरोप
मामले के पीछे राम सिंह का अपने पड़ोसियों से जमीनी विवाद बताया जाता है. वीडियो वायरल होने के बाद सिंगाही पुलिस ने राम सिंह के पड़ोसियों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया. पड़ोसी पैकरमा ने आरोप लगाया कि राम सिंह ने रोड पर गड्ढा खोद रखा है और विरोध करने पर वह तथा उनकी दुकान पर आने वाले लोगों को गंदी-गंदी गालियां देता है.
महिला पड़ोसी ने भी बयां किया अपना दर्द
पैकरमा की पत्नी सुंदरी ने भी राम सिंह पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. सुंदरी के मुताबिक, राम सिंह ने उनकी दुकान के सामने गड्ढा खोद रखा है और नाली का पानी तक नहीं निकलने देता. वह दुकान पर बैठने के दौरान और वहां आने वाले ग्राहकों को बहुत गंदी-गंदी गालियां देता है, जिससे वे लोग बेहद परेशान और प्रताड़ित हैं.
अभिषेक वर्मा