उत्तर प्रदेश के कासगंज ज़िले में एक नामकरण समारोह के दौरान शराब में मिलाने के लिए पानी लाने से मना करने पर 9 साल के एक लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से समारोह में हड़कंप मच गया. फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
पानी लाने से मना करने पर कर दी हत्या
यह घटना शुक्रवार को सहावर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत याकूतगंज गांव में हुई. पीड़ित, यशपाल उर्फ यश, अपने घर पर हो रहे एक नामकरण समारोह में शामिल था. लड़के के चाचा अनुज के अनुसार जब समारोह के लिए रिश्तेदार और गांव वाले इकट्ठा हुए थे, तभी सुखवीर यादव के बेटे और पीड़ित के पिता जसवीर गोला के रिश्तेदार धनेश यादव ने बच्चे से पानी लाने को कहा. आरोपियों ने बच्चे से पानी इसलिए मंगाया, क्योंकि उन्हें पानी को शराब में मिलाना था.
पुलिस ने बताया कि जब लड़के ने मना कर दिया, तो आरोपी, जो नशे की हालत में था, अपना आपा खो बैठा और उसने लड़के के पेट में गोली मार दी. इस घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चे को पहले कासगंज के ज़िला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को इलाज के दौरान चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने हथियार भी किया जब्त
थाना प्रभारी (SHO) गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पीड़ित के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे खितौली नहर पुल के पास से गिरफ़्तार कर लिया गया. पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार उसके कब्ज़े से बरामद कर लिया है.
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारती ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.
aajtak.in