उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा सिपाही उसे डंडे से पीटता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल यह मामला गोंडा जिले के थाना कौड़िया क्षेत्र स्थित दुबहा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
सहायक पुलिस अधीक्षक (करनैलगंज) अभिषेक दबाच्या ने बताया कि थाना कौड़िया क्षेत्र के चैनपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक कैंसर पीड़ित महिला के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट की गई थी. इस मामले में 25 मई 2026 को थाना कौड़िया में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. उन्होंने बताया कि विपक्षी परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा पहले भी उक्त महिला के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
एएसपी ने क्या कहा?
एएसपी के अनुसार इसी मुकदमे की जांच के सिलसिले में कुछ युवकों को पूछताछ के लिए दुबहा बाजार पुलिस चौकी लाया गया था. इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी युवक को पकड़े हुए दिखाई देता है. जबकि दूसरा सिपाही उसे डंडे से मारता नजर आ रहा है.
अभिषेक दबाच्या ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी करनैलगंज को सौंप दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी और यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका नियमों के विरुद्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
अंचल श्रीवास्तव