गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एनएच-58 स्थित सीकरी के पास एक ढाबे के बाहर अज्ञात हमलावर ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश राहुल जाट उर्फ कालू पर जानलेवा हमला किया. राहुल अपने दो साथियों के साथ ढाबे पर खड़ा था, तभी कार में बैठते समय एक पैदल आए शूटर ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. राहुल को गर्दन, सीने, पेट और पैर में कुल चार गोलियां लगीं.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राहुल ने खुद कार चलाकर करीब 35 किलोमीटर का सफर तय किया और संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और इसे पुरानी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है.
सीसीटीवी में कैद हुई लाइव वारदात
इस सनसनीखेज हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि राहुल जाट कार की ड्राइविंग सीट पर बैठता है, तभी अचानक एक युवक पास आता है और शीशे के पार से ताबड़तोड़ फायरिंग कर देता है. वारदात को अंजाम देकर आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया. वहीं, गोलियों से छलनी होने के बाद भी राहुल अपनी कार लेकर वहां से निकलता दिखाई दे रहा है.
35 किलोमीटर तक खुद की ड्राइविंग
हैरानी की बात यह रही कि चार गोलियां लगने के बाद भी राहुल ने आपा नहीं खोया. खून बहने के बावजूद वह खुद गाड़ी चलाकर मोदीनगर से गाजियाबाद के संजयनगर स्थित अस्पताल पहुंचा. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, घायल राहुल चौधरी मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उस पर पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.
पुलिस की तफ्तीश और आरोपियों की तलाश
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए हमलावर की पहचान करने में जुटी हैं. शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस हमले के पीछे की असली वजह साफ हो जाएगी.
मयंक गौड़