सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. कभी कोई डांस ट्रेंड लोगों का ध्यान खींच लेता है तो कभी कोई अजीब मीम इंटरनेट पर छा जाता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नया और बेहद अजीब ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसका नाम है- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’. हैरानी की बात यह है कि लोग अब कॉकरोच की तस्वीर वाले स्टीकर और डिजाइन अपनी टी-शर्ट, मोबाइल कवर और बैग पर लगाने लगे हैं.
पहली नजर में यह ट्रेंड थोड़ा मजाकिया लगता है, लेकिन इंटरनेट पर इसे लेकर लोगों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर हजारों लोग ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े मीम्स और पोस्ट शेयर कर रहे हैं.
क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
दरअसल, यह ट्रेंड एक मजाकिया इंटरनेट मीम से शुरू हुआ. कुछ कंटेंट क्रिएटर्स ने कॉकरोच को लेकर फनी वीडियो और पोस्ट बनाना शुरू किया, जिसमें उसे हर परिस्थिति में जिंदा रहने वाला जीव बताकर मजेदार अंदाज में पेश किया गया. धीरे-धीरे लोगों ने इसे एक काल्पनिक जनता पार्टी का रूप दे दिया. इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कॉकरोच की फोटो वाले पोस्टर, स्टीकर और एडिटेड फोटो बनाकर शेयर करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह ट्रेंड वायरल हो गया.
टी-शर्ट और स्टिकर तक पहुंचा ट्रेंड
अब यह ट्रेंड सिर्फ इंटरनेट तक सीमित नहीं रहा. कई लोग कॉकरोच प्रिंट वाली टी-शर्ट पहनकर सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर रहे हैं. कुछ ऑनलाइन स्टोर्स ने तो ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ थीम वाले स्टिकर और मर्चेंडाइज तक बेचना शुरू कर दिया है. युवाओं के बीच यह ट्रेंड खासा लोकप्रिय हो रहा है.
लोग इसे फनी फैशन और इंटरनेट कल्चर का हिस्सा मान रहे हैं.कुछ लोग मजाक में खुद को 'कॉकरोच जनता पार्टी का सदस्य' भी बता रहे हैं.
कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी टीशर्ट बिक रहे हैं.
जब कोई मीम ज्यादा लोगों तक पहुंचता है, तो दूसरे लोग भी उसे फॉलो करने लगते हैं.
सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहा यह ट्रेंड?
आजकल इंटरनेट पर ऐसे अजीब और मजेदार ट्रेंड बहुत तेजी से वायरल होते हैं. लोग हल्के-फुल्के और फनी कंटेंट को ज्यादा पसंद करते हैं. यही वजह है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जैसे मीम्स लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. इसके अलावा, सोशल मीडिया पर अलग दिखने और वायरल होने की चाह भी ऐसे ट्रेंड को बढ़ावा देती है.
aajtak.in