जब भी कश्मीर घूमने की बात आती है तो ज्यादातर लोग गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर जैसी फेमस जगहों का रुख करते हैं. लेकिन कश्मीर की खूबसूरती सिर्फ इन मशहूर पर्यटन स्थलों तक ही सीमित नहीं है. यहां कई ऐसी खूबसूरत बॉर्डर वैली भी हैं जो प्राकृतिक सुंदरता, शांति और रोमांच का अनोखा अनुभव देती हैं. अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और मनमोहक डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो कश्मीर की ये घाटियां आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे घास के मैदान, कल-कल बहती नदियां और स्थानीय संस्कृति का अनूठा संगम इन जगहों को खास बनाता है. आइए जानते हैं कश्मीर की 5 ऐसी खूबसूरत घाटियों के बारे में, जहां की यात्रा आपके लिए यादगार साबित हो सकती है.
1. केरन वैली (नदी के उस पार दिखता है पाकिस्तान)
कुपवाड़ा जिले में स्थित केरन वैली किशनगंगा नदी के किनारे बसी एक बेहद खूबसूरत जगह है. इस घाटी की सबसे खास बात यह है कि यह भारत-पाकिस्तान सीमा (LoC) पर स्थित है. यहां नदी के ठीक उस पार पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) का 'केरन गांव' बिल्कुल साफ दिखाई देता है. दोनों देशों के बीच दूरी इतनी कम है कि आप नदी के पार बने पाकिस्तानी घर, वहां घूमते लोग और उनके गाड़ियों को आसानी से देख सकते हैं. ऊंचे पहाड़, घने जंगल, लकड़ी के पारंपरिक घर और नदी का मनमोहक नजारा यहां आने वालों का दिल जीत लेता है. एडवेंचर पसंद करने वाले यहां ट्रेकिंग, राफ्टिंग और फिशिंग का आनंद भी ले सकते हैं.
2. बंगस वैली
कश्मीर की सबसे खूबसूरत और अनछुई घाटियों में शामिल बंगस वैली अपनी विशाल हरी घास के मैदान और बर्फीले पहाड़ों के लिए जानी जाती है. यहां का शांत वातावरण शहर की भागदौड़ से दूर सुकून के कुछ पल बिताने का मौका देता है. ट्रेकिंग और नेचर फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
3. तुलैल वैली
बांदीपोरा जिले में स्थित तुलैल वैली हिमालय की बर्फीली चोटियों के बीच बसी एक शानदार डेस्टिनेशन है. यहां झरने, पहाड़ी नाले और हरियाली से भरपूर मैदान देखने को मिलते हैं. ट्राउट फिशिंग और ट्रेकिंग के लिए भी यह घाटी काफी फेमस हो रही है.
4. गुरेज वैली (सीमा पर बसा अनोखा रोमांच)
गुरेज वैली को कश्मीर की सबसे खूबसूरत घाटियों में से एक माना जाता है.रत-पाकिस्तान सीमा (LoC) के बेहद करीब होने के कारण यहां से भी पाकिस्तान की तरफ की सीमाएं और ऊंची पहाड़ियां साफ नजर आती हैं. किशनगंगा नदी, हब्बा खातून पर्वत और मनमोहक प्राकृतिक नजारे यहां की पहचान हैं. सर्दियों में बर्फ की सफेद चादर ओढ़ने के बाद यह घाटी किसी विदेशी डेस्टिनेशन जैसी नजर आती है.
5. उड़ी (सामने दिखेगा पाकिस्तान का 'चकोठी' कस्बा)
बारामूला जिले का उड़ी इलाका अपनी खूबसूरत वादियों और पहाड़ी दृश्यों के लिए जाना जाता है. झेलम नदी के किनारे बसा यह क्षेत्र अब तेजी से पर्यटन के नक्शे पर उभर रहा है. यहां से लाइन ऑफ कंट्रोल के ठीक उस पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) का 'चकोठी' (Chakothi) कस्बा और वहां की चौकियां बिल्कुल साफ दिखाई देती हैं. इसी रास्ते पर दोनों देशों को जोड़ने वाला ऐतिहासिक 'अमन सेतु' भी बना हुआ है. यहां पर पर्यटकों को ट्रेकिंग, कैंपिंग और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है.
घूमने का सही समय
कश्मीर की इन खूबसूरत घाटियों को घूमने के लिए मई से सितंबर का समय सबसे अच्छा माना जाता है. वहीं, बर्फबारी और विंटर एडवेंचर का आनंद लेने के लिए दिसंबर से फरवरी के बीच भी यहां का नजारा बेहद आकर्षक होता है.
ये जगह क्यों है खास?
अगर आप प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं, भीड़भाड़ से दूर सुकून तलाश रहे हैं और एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं तो कश्मीर की ये पांच बॉर्डर वैली आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकती हैं. बर्फीले पहाड़ों और हरे-भरे मैदानों के बीच बिताया गया समय आपकी यात्रा को यादगार बना देगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क