विनेश फोगाट को WFI ने दिया तगड़ा झटका, इस रेसलिंग टूर्नामेंट से हुईं OUT, एशियन गेम्स खेलना भी मुश्किल

भारतीय कुश्ती महासंघ ने एशियन गेम्स में सेलेक्शन के लिए नए नियम लागू किए हैं. इसके मुताबिक केवल वही पहलवान ट्रायल्स खेल सकेंगे, जिन्होंने 2025 या इस साल मेडल जीता हो. ऐसे में विनेश का एशियन गेम्स में खेल पाना मुश्किल लग रहा है.

Advertisement
रेसलर विनेश फोगाट की फिर बढ़ी मुश्किलें... (Photo: Getty) रेसलर विनेश फोगाट की फिर बढ़ी मुश्किलें... (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:29 PM IST

भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट की मैट पर वापसी फिलहाल अधर में लटक गई है. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन्हें 10 से 12 मई तक गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक दिया है.

यह वही टूर्नामेंट है, जिसके जरिए विनेश फोगाट कुश्ती के मैट पर कमबैक करने वाली थीं. लेकिन वापसी से पहले ही डब्ल्यूएफआई ने विनेश पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए 15 पन्नों का कारण बताओ नोटिस थमा दिया.

Advertisement

डब्ल्यूएफआई ने विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता, एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन,भारतीय कुश्ती की छवि खराब करने और महासंघ के नियमों का पालन न करने जैसे आरोप लगाए हैं. महासंघ ने साफ कहा है कि विनेश 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पात्र नहीं होंगी.

विनेश को लेकर क्यों सख्त हुआ WFI?
डब्ल्यूएफआई के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत संन्यास के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ियों को कम से कम 6 महीने पहले नोटिस देना जरूरी होता है. महासंघ का दावा है कि विनेश फोगाट ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की. इसी वजह से उन्हें फिलहाल किसी भी घरेलू टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

नोटिस में पेरिस ओलंपिक 2024 के वजन विवाद, एंटी-डोपिंग नियमों से जुड़े मामलों और ट्रायल्स में दो अलग-अलग वेट कैटेगरी में खेलने जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया गया है. यह मामला सिर्फ एक नोटिस तक सीमित नहीं है.

Advertisement

पिछले कुछ समय से विनेश फोगाट और डब्ल्यूएफआई के बीच लगातार तनातनी चल रही है. हाल ही में विनेश ने आरोप लगाया था कि महासंघ जानबूझकर उनकी वापसी रोकने की कोशिश कर रहा है और उन्हें नेशनल रैंकिंग चैम्पियनशिप के लिए रजिस्ट्रेशन तक नहीं करने दिया गया. हालांकि बाद में अंतिम दिन उनका रजिस्ट्रेशन स्वीकार कर लिया गया था, लेकिन अब उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है.

...तो एशियन गेम्स से भी होगी छुट्टी?
डब्ल्यूएफआई ने हाल ही में चयन के लिए नए नियम लागू किए हैं. इन नियमों के मुताबिक केवल वही पहलवान एशिय गेम्स के लिए ट्रायल्स में हिस्सा ले पाएंगे, जिन्होंने 2025 या 2026 में आयोजित प्रतियोगिताओं में मेडल जीता हो. चूंकि विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद कोई प्रोफेशनल मुकाबला नहीं खेला है, इसलिए फिलहाल उनका एशियन गेम्स तक पहुंचने का रास्ता भी मुश्किल नजर आ रहा है.

विनेश फोगाट लंबे समय से भारतीय कुश्ती की सबसे चर्चित और सफल खिलाड़ियों में रही हैं. लेकिन अब उनकी वापसी से पहले ही डब्ल्यूएफआई के साथ बढ़ता विवाद भारतीय कुश्ती में एक नए बड़े विवाद का रूप लेता दिख रहा है. अब सबकी नजरें इस बात पर है कि क्या विनेश इस फैसले को चुनौती देंगी और क्या डब्ल्यूएफआई उनके जवाब के बाद अपना रुख बदलेगा या नहीं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement