फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल के हाथों 2-1 की हार के साथ ही क्रोएशिया का सफर खत्म हो गया. इस मैच के बाद जो सबसे भावुक पल देखने को मिला, उसने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया. क्रोएशियाई कप्तान लुका मोड्रिच को पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गले से लगा लिया. माना जा रहा है कि यह मोड्रिच के करियर का आखिरी वर्ल्ड कप मुकाबला था. हार के बाद मोड्रिच की आंखों में आंसू थे.
मैच के बाद क्रोएशिया के मुख्य कोच ज्लातको डालिच भी भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि शायद यह मोड्रिच का आखिरी विश्व कप था और उन्हें दुख है कि उनका सफर इस तरह खत्म हुआ. डालिच ने कहा, 'शायद यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप था और मुझे दुख है कि इसका अंत इस तरह हुआ. उन्होंने आखिरी दम तक अपनी गुणवत्ता, अपने चरित्र और नेतृत्व का परिचय दिया. वह अंत तक क्रोएशिया का नेतृत्व करते रहे.'
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने भी लुका मोड्रिच की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मोड्रिच सिर्फ एक महान खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि उन्होंने दुनिया भर के लाखों बच्चों को प्रेरित किया है. मार्टिनेज ने कहा, 'लुका मोड्रिच का उदाहरण हमेशा फुटबॉल के इतिहास में जिंदा रहेगा. वह उन दुर्लभ खिलाड़ियों में हैं जो मैदान पर गेंद को रोककर सही फैसला लेते हैं. मैच की स्थिति के हिसाब से जगह बनाना और सही निर्णय लेना उनकी सबसे बड़ी खूबी है. 40 साल की उम्र में भी वह किसी युवा खिलाड़ी की तरह खेलते हैं.'
मैच खत्म होने के बाद लुका मोड्रिच और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की लंबी बातचीत भी चर्चा का विषय बन गई. दोनों ने रियल मैड्रिड के लिए छह सीजन साथ खेले और इस दौरान चार यूईएफए चैम्पियंस लीग खिताब जीते. दोनों दिग्गज अब अपने-अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं. रोनाल्डो ने इस मुकाबले में पेनल्टी पर गोल दागकर पुर्तगाल को बराबरी दिलाई, जबकि मोड्रिच ने एक बार फिर मिडफील्ड में अपनी टीम की कमान संभाली.
लुका मोड्रिच क्रोएशिया के फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. उनकी कप्तानी में क्रोएशिया ने 2018 के फीफा वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया था, जबकि 2022 में टीम तीसरे स्थान पर रही थी. हालांकि इस बार उनका सफर राउंड ऑफ-32 में ही खत्म हो गया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क