भारतीय टीम ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराया और तीसरी बार खिताब अपने नाम किया. खिताबी मुकाबला 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां पूरा स्टेडियम भारत की जीत का जश्न देखने के लिए जमा था. भारत ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रनों का टारगेट दिया, जो जीत के लिए काफी था.
मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह संग हाई फाइव किया और उनसे ट्रॉफी ली. कप्तान सूर्या ने इस बीच हार्दिक पंड्य को भी कुछ इशारा भी किया. फिर सूर्या ने आतिशबाजी के बीच पूरी टीम के साथ जीत का शानदार जश्न मनाया. वीडियो में देखा जा सकता है कि भारतीय खिलाड़ी जम्पिंग और हुल्लड़ करते हुए जीत का जश्न मना रहे हैं.
फाइनल जीत के बाद भारतीय टीम का यह उत्सव आतिशबाजी के बीच हुआ, जिसने पूरे स्टेडियम को खुशी और उत्साह से भर दिया. यह जीत टीम इंडिया के लिए एक इतिहासिक उपलब्धि है. भारत घर में टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली और टी20 वर्ल्ड कप सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन चुकी है. इस ऐतिहासिक जीत ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया
मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए बुलाया. शुरुआत में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने थोड़ा संभलकर खेला, लेकिन फिर दोनों ने कीवी गेंदबाजों की हालत खराब कर दी. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 8 छक्के और 5 चौकों की मदद से 46 बॉल 89 रन बनाकर शानदार फॉर्म बरकरार रखा. ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं शिवम दूुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन* बनाकर टीम को 255/5 के स्कोर तक पहुंचा दिया.
जवाब में भारत के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की कोशिशों को नाकाम कर दिया. अक्षर पटेल ने फिन एलन (9 रन) और ग्लेन फिलिप्स (5 रन) को जल्दी पवेलियन भेजा. विकेटकीपर बैटर टिम सीफर्ट ने 52 रन बनाकर अकेले टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित विकेट गिरने से कीवी टीम पर प्रेशऱ कायम रहा. डेरिल मिचेल (17) और कप्तान मिचेल सेंटनर (43) ने कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन जसप्रीत बुमराह की 4/15 की धारदार गेंदबाजी ने मुकाबला भारत के नाम कर दिया.
aajtak.in