आईपीएल 2026 के फाइनल पर गुजरात टाइटन्स को बड़ा झटका लगा और इस मुद्दे पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने भी खुलकर अपनी राय रखी है. गावस्कर का मानना है कि गुजरात टाइटन्स को हुई यात्रा संबंधी परेशानी को देखते हुए बीसीसीआई को फाइनल मुकाबला रिजर्व डे पर शिफ्ट करने पर विचार करना चाहिए था.
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स को क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद अहमदाबाद पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम ने टीम की योजनाओं पर पानी फेर दिया. टीम की फ्लाइट मुल्लांपुर (चंडीगढ़) से अहमदाबाद के लिए तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी और खिलाड़ियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा.
गुजरात टाइटन्स को शनिवार दोपहर तक अहमदाबाद पहुंच जाना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण टीम देर रात करीब 10:45 बजे शहर पहुंच सकी. इसके बाद खिलाड़ी लगभग आधी रात को टीम होटल पहुंचे. दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस मामले में साफ बढ़त मिली. रजत पाटीदार की टीम 26 मई को क्वालिफायर-1 में गुजरात को हराने के बाद से ही अहमदाबाद में मौजूद थी और उसे आराम व तैयारी के लिए ज्यादा समय मिला.
इंडिया टुडे से खास बातचीत में सुनील गावस्कर ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों का असर सिर्फ खिलाड़ियों की शारीरिक स्थिति पर नहीं बल्कि मानसिक तैयारी पर भी पड़ता है. उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ियों को यह तक पता नहीं हो कि उनकी फ्लाइट कब उड़ान भरेगी, तो स्वाभाविक रूप से बेचैनी और तनाव बढ़ता है. इससे टीम की तैयारी प्रभावित होती है.
गावस्कर ने कहा कि खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम की जरूरत होती है और गुजरात टाइटन्स के साथ जो हुआ वह पूरी तरह अप्रत्याशित था. उनके अनुसार, जब टूर्नामेंट में पहले से रिजर्व डे मौजूद था तो निष्पक्षता के लिहाज से फाइनल को एक दिन आगे बढ़ाकर सोमवार, 1 जून को कराया जा सकता था. उन्होंने कहा कि इससे गुजरात टाइटन्स को भी बराबरी का मौका मिलता.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क