वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ बॉडी लाइन बॉलिंग, GT पर भड़के इरफान पठान, कहा- पिता होने के नाते पसंद नहीं आया

वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाजों ने शॉर्ट पिच बॉलिंग की रणनीति अपनाई. उनकी रणनीति उतनी कामयाब नहीं रही और वैभव बड़ी इनिंग्स खेलने में कामयाब रहे. वैभव की टीम हालांकि इस मुकाबले में जीत नहीं दर्ज कर सकी.

Advertisement
 वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गुजरात के गेंदबाजों ने अपनाई खास रणनीति... (Photo: Getty/BCCI) वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गुजरात के गेंदबाजों ने अपनाई खास रणनीति... (Photo: Getty/BCCI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • मुल्लांपुर,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:57 AM IST

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालिफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ की गई बॉडी लाइन बॉलिंग पर नाराजगी जताई है. राजस्थान रॉयल्स की गुजरात टाइटन्स (GT) के हाथों हार के बीच इरफान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए बताया कि 15 साल के खिलाड़ी के खिलाफ इस तरह की रणनीति उन्हें पसंद नहीं आई.

Advertisement

मुल्लांपुर में खेले गए हाईवोल्टेज मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को गुजरात टाइटन्स के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ राजस्थान रॉयल्स का फाइनल खेलने का सपना टूट गया, लेकिन मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी के साथ हुई घटनाओं ने नई बहस छेड़ दी.

राजस्थान रायल्स की पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी शानदार लय में नजर आ रहे थे और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे थे. तभी 14वें ओवर में कगिसो रबाडा ने एक तेज शॉर्ट बॉल फेंकी, जो सीधे वैभव के हेलमेट पर जा लगी. गेंद लगते ही मैदान पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया. युवा बल्लेबाज को तुरंत अनिवार्य कन्कशन टेस्ट से गुजरना पड़ा.

हालांकि, चोट लगने के बावजूद वैभव बिल्कुल नहीं डरे. उन्होंने दोबारा मैदान पर उतरकर उसी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी. इसके बाद अगले ओवर में मोहम्मद सिराज ने भी लगातार उनके शरीर को निशाना बनाते हुए गेंदबाजी की, लेकिन वैभव ने जवाब बल्ले से दिया और सिराज की गेंद पर जोरदार छक्का जड़ दिया.

Advertisement

बॉडी लाइन बॉलिंग को लेकर इरफान पठान का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा. उन्होंने X पर लिखा, '15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए बॉडी लाइन बॉलिंग करना मुझे बिल्कुल सही नहीं लगता. मुझे पता है कि वह बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा है, लेकिन एक पिता होने के नाते मैं इससे सहमत नहीं हूं.'

इरफान पठान का यह बयान तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर फैन्स भी दो हिस्सों में बंट गए, कुछ लोगों ने इसे क्रिकेट का हिस्सा बताया, जबकि कई फैन्स ने 15 साल के खिलाड़ी के खिलाफ इस तरह की रणनीति को जरूरत से ज्यादा आक्रामक करार दिया. हालांकि तमाम दबाव और चोट के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं. युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 47 गेंदों में 96 रन बना दिए. वह अपने शतक से महज चार रन दूर रह गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने पूरे स्टेडियम को रोमांचित कर दिया.

वैभव सूर्यवंशी की इस पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 214/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने मैच का रुख पलट दिया. गिल ने 53 गेंदों में 104 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए. गुजरात ने 18.4 ओवर में 219/3 का स्कोर बनाकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया.

Advertisement

मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान वह पूरी तरह जोन में थे और सिर्फ गैप्स पर ध्यान दे रहे थे. उन्होंने माना कि एक समय राजस्थान को कम स्कोर पर रोकने का मौका था, लेकिन बाद में मैच का मोमेंटम बदल गया. भले ही राजस्थान रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई हो, लेकिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी निडर बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को प्रभावित कर दिया है, अब इरफान पठान का बयान और बॉडी लाइन बॉलिंग को लेकर छिड़ी बहस सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »