13 साल पहले, जब सचिन तेंदुलकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा था, तब भारतीय क्रिकेट में एक युग समाप्त हुआ था. सचिन ने उस फेयरवेल सीरीज का पहला मुकाबला 6 नवंबर 2013 से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला था. उस मुकाबले में मोहम्मद शमी भी प्लेइंग-11 का हिस्सा थे, जो उनका डेब्यू टेस्ट मैच था.
यानी मोहम्मद शमी ने सचिन तेंदुलकर आखिरी इंटरनेशनल सफर को बेहद करीब से देखा था. ईडन गार्डन्स टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज पर पारी और 51 रनों से जीत हासिल की थी. इसके बाद सचिन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला खेला. वानखेड़े टेस्ट मैच में भी भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 126 रनों से धो दिया था.
अब एक दशक से ज्यादा समय बाद वही मोहम्मद शमी एक और खास पल के गवाह बने. मोहम्मद शमी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं. पर इस बार मैदान पर सचिन तेंदुलकर नहीं, बल्कि उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर थे, जिन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए डेब्यू किया.
यह भी पढ़ें: अर्जुन तेंदुलकर के लिए भावुक हुईं बहन सारा, शेयर किया दिल छू लेने वाला पोस्ट
अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल के 19वें सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने ₹30 लाख में अपनी टीम में शामिल किया था. आईपीएल 2026 से पहले उन्हें मुंबई इंडियंस से ट्रेड कर एलएसजी में लाया गया था. हालांकि मजबूत पेस अटैक की वजह से उन्हें पूरे सीजन इंतजार करना पड़ा. टीम के आखिरी लीग मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिला और इस मौके का अर्जुन ने फायदा भी उठाया.
यह भी पढ़ें: अर्जुन तेंदुलकर की शानदार गेंदबाजी देख भावुक हुए पापा सचिन, शेयर किया खास पोस्ट
लखनऊ को भले ही 7 विकेट से हार मिली, लेकिन युवा तेज गेंदबाज ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन दिखाया. अर्जुन ने 4 ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया और टीम के सबसे किफायती बॉलर रहे. अर्जुन ने 15वें ओवर में शानदार यॉर्कर डालकर प्रभसिमरन सिंह को आउट कर अपना पहला विकेट भी हासिल किया.
सचिन के विदाई वाले दौर से लेकर अर्जुन की नई शुरुआत तक, मोहम्मद शमी दोनों पीढ़ियों के इस खास सफर के गवाह बन गए हैं. शमी ने महान सचिन तेंदुलकर के साथ भी खेला और अब उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हुए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क