मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या एक बार फिर आलोचनाओं के भंवर में फंस गए हैं. खराब फॉर्म, चोट और टीम की लगातार हार ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ माहौल को और जहरीला बना दिया है. लेकिन अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हार्दिक के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया है. अश्विन का साफ कहना है- 'आज के दौर में सोशल मीडिया के शोर में टिके रहना है तो चमड़ी मोटी रखनी पड़ेगी.'
IPL 2026 हार्दिक और मुंबई इंडियंस, दोनों के लिए बेहद निराशाजनक रहा. पांच बार की चैम्पियन टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, जबकि हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे. इसी बीच उनकी चोट और फ्रेंचाइजी में भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया.
शार्दुल ठाकुर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद खुलासा किया कि हार्दिक चोट से जूझ रहे हैं, इसी वजह से वह कुछ मैचों में टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर सके. हालांकि शार्दुल को उम्मीद है कि हार्दिक कोलकाता के खिलाफ वापसी करेंगे. उन्होंने यह भी माना कि सोशल मीडिया पर उड़ने वाली हर बात सच नहीं होती.
लेकिन सबसे असरदार बयान अश्विन का रहा. उन्होंने हार्दिक की कप्तानी पर उठ रहे सवालों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सिर्फ कप्तान को निशाना बनाना गलत है, क्योंकि इस सीजन पूरी टीम ही उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. अश्विन ने याद दिलाया कि गुजरात टाइटन्स के साथ हार्दिक ने दो सीजन में कमाल का नेतृत्व किया था- एक बार टीम को चैम्पियन बनाया और दूसरी बार फाइनल तक पहुंचाया.
अश्विन के मुताबिक, रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तान की जगह लेना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं था. रोहित ने मुंबई को कई IPL ट्रॉफियां जिताईं और भारत को टी20 वर्ल्ड कप दिलाया. ऐसे में हार्दिक को सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि फैन्स की भावनाओं और सोशल मीडिया ट्रोलिंग से भी लड़ना पड़ा.
अश्विन ने कहा, 'जब टीम जीतती है तो कप्तान को जरूरत से ज्यादा श्रेय मिलता है और जब हारती है तो पूरा दोष उसी पर डाल दिया जाता है. कप्तानी उतनी ही अच्छी दिखती है, जितना अच्छा आपकी टीम खेलती है.;
हालांकि उन्होंने हार्दिक की बल्लेबाजी को लेकर चिंता भी जताई. अश्विन ने गौर किया कि हार्दिक हार्ड लेंथ गेंदों पर पहले की तुलना में काफी देर से शॉट खेल रहे हैं, जो उनके नेचुरल गेम से बिल्कुल अलग है. उन्होंने अंदेशा जताया कि शायद पीठ की चोट या कोई दूसरी शारीरिक परेशानी उनके खेल पर असर डाल रही है.
इतना ही नहीं, अश्विन ने यह भी कहा कि हो सकता है हार्दिक को अपने बैट के वजन या तकनीक में बदलाव की जरूरत हो. लेकिन इन तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने हार्दिक को 'जेनरेशन में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी' करार दिया,
अश्विन का मानना है कि भारत की टी20 क्रिकेट में जो दबदबा बना है, उसमें हार्दिक पंड्या की भूमिका बेहद अहम रही है. इसलिए एक खराब सीजन के आधार पर उनके खेल, फिटनेस या नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाना जल्दबाजी होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क