रणजी में कहर बरपा रहा ये कश्मीरी गेंदबाज... केएल राहुल भी टिक नहीं पाए, VIDEO

तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम के लिए अपनी दावेदारी पेश की है. आकिब ने रणजी ट्रॉफी फाइनल में कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को एक जबरदस्त गेंद पर आउट किया.

Advertisement
आकिब नबी ने रणजी फाइनल में भी कमाल का प्रदर्शन किया है. (Photo: PTI) आकिब नबी ने रणजी फाइनल में भी कमाल का प्रदर्शन किया है. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • हुबली,
  • 26 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:38 PM IST

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना कर्नाटक से हो रहा है. हुबली के केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में जारी इस मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद आकिब नबी की अगुवाई में जम्मू कश्मीर के गेंदबाजों ने भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए 57 रनों के स्कोर पर ही कर्नाटक के 4 विकेट झटक लिए. इन चार में से तीन विकेट आकिब नबी ने ही चटकाए. हांलाकि मयंक अग्रवाल ने नाबाद शतक जड़कर कर्नाटक की इनिंग्स को संभालने की कोशिश की है. तीसरे दिन (26 फरवरी) स्टम्प तक कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 229 रन बना लिए हैं. मयंक 130 और के. कृष्णा 27 रनों पर नाबाद है.

Advertisement

आकिब नबी ने इस दौरान एक बेहतरीन गेंद पर केएल राहुल को आउट किया. सबको उम्मीद थी कि भारतीय टीम के अनुभवी टेस्ट ओपनर केएल राहुल लंबी पारी खेलेंगे, लेकिन नबी ने पहली ही स्पेल में नई गेंद से ऐसी स्विंग कराई कि राहुल असहज हो गए. गेंद बार-बार बल्ले को चकमा दे रही थी. दूसरे ओवर में एक खूबसूरत आउटस्विंगर पर राहुल पूरी तरह खुल गए.

इसके बाद आई वह गेंद जिसने केएल राहुल की इनिंग्स खत्म कर दी. स्टम्प्स की लाइन में पड़ी गेंद ने राहुल के बल्ले का हल्का सा किनारा लिया. अंपायर ने नॉटआउट दिया, लेकिन जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने तुरंत रिव्यू लिया. अल्ट्रा-एज में स्पाइक साफ दिखा और अंपायर को फैसला पलटना पड़ा. राहुल के आउट होते ही जम्मू-कश्मीर खेमे में जबरदस्त जश्न छा गया.

आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत है निरंतरता. वह 140+ की रफ्तार से नहीं, बल्कि दिमाग और अनुशासन से बल्लेबाज को मात देते हैं. केएल राहुल इस सीजन में आकिब नबी के 56वें शिकार बने. रणजी सीजन में किसी तेज गेंदबाज का 13 से कम के औसत से विकेट लेना साधारण उपलब्धि नहीं है. यह बताता है कि नबी सिर्फ प्रतिभाशाली नहीं, बल्कि मैच विनर बन चुके हैं.अगर जम्मू-कश्मीर इतिहास रचते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतता है, तो उसके पीछे सबसे बड़ा नाम आकिब नबी का ही होगा,

Advertisement

दिलचस्प बात यह है कि 26 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में आकिब नबी और केएल राहुल एक ही ड्रेसिंग रूम में नजर आएंगे. लेकिन फिलहाल रणजी फाइनल के मंच पर नबी ने साफ कर दिया है. वह सिर्फ उभरते सितारे नहीं, बल्कि भविष्य के बड़े दावेदार हैं. घरेलू क्रिकेट में इस समय अगर किसी तेज गेंदबाज की सबसे ज्यादा चर्चा है, तो वो आकिब नबी ही हैं.

दलीप ट्रॉफी डेब्यू पर डबल हैट्रिक लेकर सुर्खियां बटोरने वाले इस कश्मीरी पेसर ने पूरे सीजन में अपनी धार बरकरार रखी है. नई गेंद से कमाल की स्विंग, सटीक लाइन-लेंथ और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी, इन खूबियों ने उन्हें आईपीएल इतिहास में कश्मीर का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया. दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने उन पर 8.40 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement