राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. यहां एक घर में एक साथ तीन बहनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर का इकलौता बेटा सड़क हादसे का शिकार हो गया. बजरी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने एक युवक को कुचल दिया, इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
यह घटना बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली थाना इलाके के बड़ा खेड़ा गांव की है. यहां रहने वाले 23 साल के किशन लाल की शादी 18 अप्रैल को हुई थी. मंगलवार को उसकी तीन बहनों पूजा, लक्ष्मी और आरती कंवर की शादी थी. घर में मायरा की रस्म चल रही थी. इसी दौरान किशन किसी काम से घर से निकला था. घर से करीब 500 मीटर दूर सरकारी स्कूल के सामने यह भीषण हादसा हो गया.
हादसे की खबर मिलते ही शादी के मंडप में बैठी बहनें दौड़कर मौके पर पहुंचीं, लेकिन वहां जो मंजर था, उसे देख उनकी चीखें निकल गईं. भाई का क्षत-विक्षत शव सड़क पर पड़ा था. खुशियों से भरा आंगन पल भर में मातम में बदल गया.
यह भी पढ़ें: बेलगावी में भीषण हादसा: कार-पिकअप और बाइक में हुई टक्कर, 2 लोगों की गई जान, तीन घायल
इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने डंपर के शीशे तोड़ दिए और चालक नारायण गुर्जर की जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं पारसोली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इसके बाद शाम होते-होते गमगीन माहौल में बहनों की शादी की कुछ रस्में पूरी कराई गईं, लेकिन पूरे गांव में मातम पसरा रहा. जिस घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहां अब सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही हैं. मां, जिसने तीन दिन पहले बेटे को दूल्हा बनते देखा था, अब उसी बेटे के बिछड़ने का दर्द झेल रही है. इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है.
चेतन गुर्जर