ग्राउंड रिपोर्ट: जयपुर में CM के घर से 7 मिनट की दूरी पर ही गंदा पानी पीकर बीमार पड़े लोग

जयपुर के सुशीलपुरा इलाके में पिछले एक हफ्ते से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे सैकड़ों लोग बीमार पड़ गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क खुदाई के दौरान सीवर का पानी पीने की पाइपलाइन में मिल गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ.

Advertisement
जयपुर के सुशीलपुरा इलाके में पानी संकट से लोग बेहाल (Photo: ITG) जयपुर के सुशीलपुरा इलाके में पानी संकट से लोग बेहाल (Photo: ITG)

देव अंकुर

  • जयपुर,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:53 PM IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री के घर से बस सात मिनट की दूरी. लेकिन यहां के लोग पिछले एक हफ्ते से गंदा पानी पी रहे हैं. नलों से जो पानी आ रहा है वो पीला है, काला है और उसमें से बदबू आती है. और इसी पानी की वजह से सैकड़ों लोग बीमार पड़ चुके हैं. यह हाल है जयपुर के सुशीलपुरा इलाके का.

Advertisement

जब हम वहां पहुंचे

गली में घुसते ही एक बुजुर्ग महिला दिखीं, हाथ में पानी की बोतल थी, बाहर से खरीदी हुई. उन्होंने बताया कि घर का नल खोलते हैं तो जो पानी आता है उसे देखकर ही मन खराब हो जाता है. पीने की तो सोच भी नहीं सकते.

एक घर के बाहर एक आदमी बैठे थे, चेहरे पर थकान साफ दिख रही थी. उन्होंने कहा कि कई दिनों से उल्टियां हो रही हैं, कमजोरी है. घर में भी सब बीमार हैं.

दूसरे घर में झांका तो पता चला कि बच्चे भी इस गंदे पानी की चपेट में आ चुके हैं. पेट दर्द, दस्त और उल्टी के मरीज हर घर में मिले.

हुआ क्या था असल में?

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले इलाके की मुख्य सड़क खोदी गई. लोग कहते हैं कि उस सड़क को खोदने की जरूरत ही नहीं थी. खुदाई के दौरान सीवर की पाइप टूट गई और सीवर का गंदा पानी पीने वाली पाइपलाइन में मिल गया. और तब से नलों से यही गंदगी आ रही है. एक बुजुर्ग ने गुस्से में कहा कि हजारों लोग बीमार पड़ चुके हैं. पर कोई सुनने वाला नहीं है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: VIP इलाके के पास नरक जैसी जिंदगी! जयपुर के सुशीलपुरा में नलों से आ रहा गटर का पानी, सैकड़ों लोग पड़े बीमार

डिस्पेंसरी में भीड़

इलाके की सरकारी डिस्पेंसरी में मरीजों की लाइन लगी थी. ज्यादातर लोग पेट की बीमारी लेकर आए थे. डॉक्टर मरीज देखते देखते थके हुए लग रहे थे. यह सब उस पानी का नतीजा था जो पिछले सात से आठ दिनों से घरों में आ रहा है.

नेता आए, गए, हालात नहीं बदले

स्थानीय BJP विधायक गोपाल शर्मा इलाके में आए. लोगों ने उनसे शिकायत की. लेकिन लोगों का कहना है कि उनके जाने के बाद भी कुछ नहीं बदला. नल से अभी भी वही गंदा पानी आ रहा है.
एक महिला ने कहा कि शिकायतें करते करते थक गए हैं. कोई नहीं सुनता. बाहर से पानी खरीदो और अपना पेट भरो.

CM के घर से 7 मिनट, फिर भी कोई नहीं

यही सबसे बड़ी बात है. जयपुर में मुख्यमंत्री का घर यहां से सिर्फ सात मिनट दूर है. लेकिन इस इलाके के लोग एक हफ्ते से गंदा पानी पी रहे हैं, बीमार पड़ रहे हैं और किसी का ध्यान नहीं जा रहा.

सुशीलपुरा के लोग अभी भी इंतजार में हैं कि कोई आएगा और उनकी समस्या सुलझाएगा. लेकिन नल अभी भी वही काला और बदबूदार पानी उगल रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »