पूर्व जिला जज के घर से 4 सिलेंडर चोरी, CCTV में दिखे आधी रात बाइक से आए चोर

भोपाल में बढ़ती चोरी की वारदातों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व जिला न्यायाधीश के घर को ही निशाना बना लिया गया. सीसीटीवी में कैद इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गैस सिलेंडर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज की चोरी ने स्थानीय लोगों में भी डर और नाराजगी दोनों पैदा कर दी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

Advertisement
पूर्व जिला जज के घर से 4 गैस सिलेंडर चोरी (Photo: itg) पूर्व जिला जज के घर से 4 गैस सिलेंडर चोरी (Photo: itg)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल ,
  • 18 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:17 AM IST

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. ईरान इजरायल और यूएस में युद्ध के चलते देश में एलपीजी की शॉर्टेज के बीच यहां कोहेफिजा थाना क्षेत्र के ओम नगर में पूर्व जिला न्यायाधीश विमल कुमार जैन के घर से चार गैस सिलेंडर चोरी हो गए. यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक घटना 14 मार्च की रात करीब 12:30 बजे की है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाश देर रात घर के नीचे स्थित पार्किंग में पहुंचे. वहां रखे चार खाली घरेलू गैस सिलेंडरों को उन्होंने बड़ी ही आसानी से उठाया और मौके से फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जिसमें तीनों आरोपी बाइक पर आते और सिलेंडर ले जाते नजर आ रहे हैं.

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने देखा कि पार्किंग में रखे सिलेंडर गायब हैं. इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई. इसके बाद पूर्व न्यायाधीश के बेटे और पेशे से वकील रॉबिन जैन ने तुरंत कोहेफिजा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement

थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने संदिग्धों के स्केच तैयार कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. खासतौर पर एक पूर्व न्यायाधीश के घर को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता और बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement