मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में गैस की किल्लत ने आम जनता का हाल बेहाल कर रखा है, लेकिन पन्ना रोड स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर जो नजारा दिखा, उसने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया. घंटों से लाइन में लगे एक 14 साल के छात्र का वीडियो इस समय इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है.
बच्चे ने कैमरे के सामने बेबाकी से कहा कि सरकारें केवल हिंदू-मुस्लिम और जात-पात के नाम पर लोगों को बांटती हैं. उसने सवाल उठाया, ''आखिर हेल्थ केयर और एजुकेशन पर कोई बात नहीं करता? अगर शिक्षा पर बात होती तो आज हमारा देश वाकई विश्वगुरु होता. पार्लियामेंट में केवल फालतू मुद्दों पर चर्चा होती है, जो मुख्य मुद्दे हैं उन पर सब चुप हैं."
2047 के विश्वगुरु के सपने पर तीखा व्यंग्य
14 वर्षीय किशोर ने देश के भविष्य और अंतरराष्ट्रीय राजनीति को जोड़ते हुए कहा कि युद्ध ईरान और इजरायल के बीच हो रहा है, लेकिन यहां का आम आदमी तड़प रहा है.
बच्चे ने आगे कहा, "60% गैस हम बाहर से मंगवाते हैं, भ्रष्टाचार हर जगह उन्नति कर रहा है. ऐसी स्थिति के साथ हम विश्वगुरु बनेंगे? मेरे दिमाग में तो दही जम गया है यहाँ खड़े-खड़े."
पॉलिटिक्स में एजुकेशन अनिवार्य करने की वकालत
छात्र ने बिहार के एक उदाहरण का जिक्र करते हुए नेताओं की शिक्षा पर सवाल उठाए. उसने कहा कि पार्लियामेंट में कानून पास होना चाहिए कि राजनीति के लिए शिक्षा जरूरी हो. उसने यहां तक कह दिया कि अगर उसे मौका मिले तो वह विदेश चला जाएगा, क्योंकि यहां के हालात बहुत बुरे हैं और जनता को जानबूझकर अशिक्षित रखा जा रहा है ताकि नेताओं का धंधा चलता रहे.
गैस एजेंसी में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप
बच्चे ने गैस वितरण केंद्र की पोल खोलते हुए बताया कि वहां कोई पुलिस या मैनेजमेंट सिस्टम नहीं है. उसने आरोप लगाया कि महिलाओं की अलग लाइन न होने का फायदा उठाकर कुछ लोग पैसे लेकर ब्लैक में काम करवा रहे हैं.
इस वीडियो ने छतरपुर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है. जहां लोग बच्चे की बुद्धिमानी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं गैस वितरण की अव्यवस्था पर गुस्सा भी जाहिर कर रहे हैं.
लोकेश चौरसिया