How to Use Leftover Chai Patti: भारत के लगभग हर घर में सुबह की शुरुआत एक कप गरमा-गरम चाय के साथ होती है. चाय पीने के बाद अमूमन हम उसकी बची हुई पत्तियों को फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो रुक जाइए. बची हुई चाय पत्ती कोई फालतू कचरा नहीं बल्कि एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट है. इसमें मौजूद नेचुरल तत्व घर के जिद्दी दाग-धब्बों, गंदे शीशों और बर्तनों को मिनटों में चमका सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे आसान और असरदार ट्रिक्स, जिन्हें अपनाकर आप बची हुई चाय पत्ती को कई तरह से काम में ला सकते हैं.
बची हुई चाय पत्ती को इस्तेमाल करने के ट्रिक्स
बची हुई चाय पत्ती को इस्तेमाल करने से पहले उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उसमें से दूध और चीनी का अंश निकल जाए. इसके बाद आप इसे कई तरीकों से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
शीशे और कांच की खिड़कियां चमकाएं: बची हुई चाय पत्ती को एक बार फिर साफ पानी में उबाल लें. इस पानी को ठंडा करके एक स्प्रे बोतल में भर लें. अब इसे कांच के बर्तनों, खिड़कियों या ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर स्प्रे करें और साफ सूती कपड़े या अखबार से पोंछ लें. शीशा बिल्कुल नए जैसा चमक उठेगा.
लकड़ी के फर्नीचर में लाएं नई चमक: चाय पत्ती के उबले हुए पानी को हल्का गुनगुना रखें. इसमें एक साफ कपड़ा भिगोकर निचोड़ लें और इससे अपने लकड़ी के सोफे, टेबल या कैबिनेट को साफ करें. यह लकड़ी को एक नेचुरल पॉलिश और शानदार चमक देता है.
बर्तनों की चिकनाई और बदबू दूर करें: अगर बर्तनों में जिद्दी चिकनाई जमा हो गई है या नॉन-वेज की महक आ रही है, तो बची हुई चाय पत्ती को बर्तनों पर रगड़ें. इसमें मौजूद टैनिन एसिड चिकनाई को तुरंत काटता है और दुर्गंध को दूर करता है.
किचन सिंक और टाइल्स की सफाई: किचन की टाइल्स और सिंक पर जमी गंदगी को साफ करने के लिए बची हुई चाय पत्ती में थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाएं. इस मिश्रण से सिंक और टाइल्स को स्क्रबर की मदद से रगड़ें. जिद्दी से जिद्दी पीले दाग गायब हो जाएंगे.
फर्श की बदबू और कीटाणु भगाएं: अगर घर के किसी कोने या पोछे वाले पानी में अजीब सी गंध आ रही है, तो चाय पत्ती के पानी को पोछे की बाल्टी में मिला लें. इससे पोछा लगाने से मक्खियां नहीं आतीं और घर महक उठता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क