अक्सर सफर पर जाने से ठीक पहले या रोजाना इस्तेमाल के दौरान हमारे हैंडबैग, स्कूल बैग, ट्रैवल सूटकेस या फिर कपड़ों की चेन यानी जिप अचानक खराब हो जाती है. कई बार जिप बीच में ही अटक जाती है तो कई बार बंद करने के बाद भी पीछे से खुल जाती है. ऐसे में हम मान लेते हैं कि चेन पूरी तरह टूट चुकी है और उसे बदलने के लिए दर्जी के पास दौड़ते हैं या नया बैग खरीदने की सोचने लगते हैं.
लेकिन बैग में नई चेन लगवाने से पहले आपको एक छोटा सा काम जरूर करना चाहिए. हमारे घरों में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद होती हैं जो अटकी या खुली हुई जिप को सिर्फ 2 मिनट में बिल्कुल नए जैसा स्मूथ बना सकती हैं. आइए जानते हैं खराब बैग चेन को बिना पैसे खर्च किए घर पर ही कैसे ठीक कर सकते हैं.
फंसी हुई जिप के लिए लुब्रिकेशन हैक:
अगर आपके बैग की चेन एक ही जगह पर अटक गई है और आगे-पीछे नहीं खिसक रही, तो नई चेन लगाने की जरूरत नहीं है. बस एक सफेद मोमबत्ती या नहाने का सूखा साबुन लें और उसे चेन के दांतों पर दोनों तरफ अच्छी तरह रगड़ें. आप चाहें तो वैसलीन या नारियल तेल की एक बूंद भी उंगली से लगा सकते हैं. इसके बाद जिप के रनर को धीरे-धीरे आगे-पीछे खिसकाएं, चेन तुरंत स्मूथ हो जाएगी.
मेटल की चेन के लिए पेंसिल हैक:
अगर बैग की चेन मेटल (धातु) की है, तो एक साधारण ग्रैफाइट पेंसिल लें. पेंसिल की नोक को चेन के फंसे हुए हिस्से और उसके आस-पास के दांतों पर अच्छी तरह रगड़ें. ग्रैफाइट एक बेहतरीन प्राकृतिक लुब्रिकेंट का काम करता है जो ज़िप को तुरंत खोल देता है.
चेन बंद होने पर भी खुल जाने के लिए प्लास हैक:
कई बार ज़िप आगे तो बढ़ती है लेकिन पीछे से चेन खुली रह जाती है. ऐसा तब होता है जब बार-बार इस्तेमाल से ज़िप का रनर थोड़ा ढीला या फैल जाता है. इसके लिए एक छोटा प्लास लें. रनर के पिछले हिस्से को (जहां से चेन जुड़कर निकलती है) प्लास की मदद से दोनों तरफ से बहुत हल्के हाथों से दबाएं. ज्यादा जोर न लगाएं, वरना रनर टूट सकता है. थोड़ा सा दबाते ही रनर वापस अपनी शेप में आ जाएगा और चेन को सही से बंद करने लगेगा.
जिप के ठीक हो जाने के बाद किसी सूती कपड़े से एक्स्ट्रा मोम या तेल को पोंछ लें ताकि आपके बैग पर कोई दाग न पड़े.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क