कहा जाता है कि गर्मियों में पानी पीना बहुत जरूरी होता है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से बॉडी और स्किन दोनों हाइड्रेट रहती हैं. लेकिन इसके बाद भी आपने बहुत से लोगों को शिकायत करते सुना होगा कि खूब पानी पीने के बाद भी उनकी स्किन खिंची-खिंची महसूस होती है. अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं, जिनका चेहरा हर समय खिंचा-खिंचा महसूस होता है, मेकअप कुछ ही देर में पैची दिखने लगता है या लाख कोशिशों के बाद भी स्किन बेजान नजर आती है, तो ये खबर आपके लिए है.
दरअसल, चेहरा खिंचने की वजह लोग अक्सर ड्राई स्किन को मान लेते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. आपकी स्किन डिहाइड्रेटेड होने की वजह से भी खिंची-खिंची महसूस हो सकती है. ज्यादातर लोग इन दोनों को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों में बड़ा फर्क होता है. राहत की बात ये है कि सही स्किनकेयर रूटीन और कुछ आसान आदतों की मदद से स्किन की खोई हुई नमी वापस लाई जा सकती है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ ज्यादा पानी पीना ही काफी नहीं, बल्कि स्किन की नमी को बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है. तभी स्किन लंबे समय तक हेल्दी, मुलायम और नेचुरली ग्लोइंग बनी रहती है. चलिए जानते हैं कैसे आप अपनी स्किन को हाइड्रेट रखकर ग्लोइंग बना सकते हैं.
ड्राई स्किन और डिहाइड्रेटेड स्किन में क्या फर्क है?
ड्राई स्किन आपकी स्किन का नेचुरल टाइप होती है, जिसमें तेल कम बनता है. वहीं डिहाइड्रेटेड स्किन एक कुछ समय के लिए होने वाली समस्या है, जिसमें स्किन में पानी की कमी हो जाती है. ये समस्या किसी भी स्किन टाइप के लोगों को हो सकती है, यहां तक कि ऑयली स्किन वालों को भी.
कैसे पहचानें कि आपकी स्किन डिहाइड्रेटेड है?
अगर आपकी स्किन में ये लक्षण दिख रहे हैं, तो आसानी से समझा जा सकता है कि आपकी स्किन डिहाइड्रेटेड है.
सिर्फ मॉइस्चराइजर लगाने से नहीं बनेगी बात
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि हाइड्रेशन और मॉइस्चराइजिंग दोनों अलग चीजें हैं. हाइड्रेशन का मतलब है स्किन में पानी पहुंचाना होता है. जबकि मॉइस्चराइजिंग का मतलब है उस पानी को स्किन में लॉक करना ताकि वो जल्दी बाहर न निकले. यानी अगर आप सिर्फ मॉइस्चराइजर लगाएंगे लेकिन स्किन को पहले हाइड्रेट नहीं करेंगे, तो पूरा फायदा नहीं मिलेगा.
स्किन को हाइड्रेट रखने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
1. हल्की गीली स्किन पर सीरम लगाएं: चेहरा धोने के बाद जब स्किन हल्की गीली हो, तभी हाइड्रेटिंग सीरम लगाएं. इससे स्किन उसे बेहतर तरीके से सोख पाती है. लेकिन सीरम लगाने के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं.
2. सही इंग्रीडिएंट वाले प्रोडक्ट चुनें: ऐसे प्रोडक्ट इस्तेमाल करें जिनमें हायलूरोनिक एसिड, ग्लिसरीन, सेरामाइड्स, नियासिनामाइड, स्क्वालेन और यूरिया हों. ये सभी स्किन में नमी बनाए रखने और स्किन बैरियर को मजबूत करने में मदद करते हैं.
3. ज्यादा स्क्रब और एक्सफोलिएशन से बचें: बार-बार स्क्रब का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें. इससे स्किन का प्रोटेक्टिव बैरियर कमजोर हो सकता है और स्किन जल्दी डिहाइड्रेट हो जाती है.
4. गर्म पानी से चेहरा धोने की आदत छोड़ें: बहुत गर्म पानी स्किन के नेचुरल ऑयल को हटा देता है. हमेशा गुनगुने पानी से चेहरा धोएं और माइल्ड फेसवॉश का इस्तेमाल करें.
5. रोज सनस्क्रीन लगाना न भूलें: धूप की यूवी किरणें स्किन बैरियर को नुकसान पहुंचाती हैं, जिससे स्किन तेजी से अपनी नमी खोने लगती है. इसलिए हर दिन सनस्क्रीन लगाना जरूरी है.
क्या सिर्फ ज्यादा पानी पीने से स्किन हाइड्रेट हो जाएगी?
अगर आप सोचते हैं कि सिर्फ पानी से स्किन हाइड्रेट हो जाती है, तो आप गलत है. पानी पीना शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन सिर्फ इसी से स्किन ग्लोइंग नहीं बनती. स्किन को अंदर और बाहर दोनों तरफ से हाइड्रेशन की जरूरत होती है. इसलिए पानी पीने के साथ-साथ सही स्किनकेयर रूटीन भी अपनाना जरूरी है.
खाने में क्या शामिल करें?
अगर आप चाहते हैं कि स्किन लंबे समय तक हेल्दी और हाइड्रेटेड रहे, तो अपनी डाइट में ये चीजें शामिल करें:
इसके साथ ही ज्यादा चीनी, प्रोसेस्ड फूड और शराब का सेवन कम करें. अच्छी नींद और तनाव कम रखना भी स्किन की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क