Kadhi Recipes: गर्मियों के मौसम में भारत में कढ़ी-चावल लोगों की पसंदीदा डिशों में से एक है. दही और बेसन से बनने वाली यह डिश टेस्टी होने के साथ-साथ डाइजेशन के लिए भी अच्छी मानी जाती है. खास बात यह है कि देश के अलग-अलग राज्यों में कढ़ी को अलग-अलग अंदाज में बनाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. कहीं इसमें पकौड़े डाले जाते हैं तो कहीं सब्जियां और इमली का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में आज हम आपको देश के विभिन्न हिस्सों में बनाई जाने वाली कढ़ी के बारे में बताएंगे जो आपके खाने के स्वाद को कई गुणा बढ़ा सकती हैं.
पंजाबी कढ़ी
पंजाबी कढ़ी अपने स्वादिष्ट प्याज के पकौड़ों के लिए जानी जाती है. इसे दही और बेसन के मिश्रण से तैयार किया जाता है, जबकि प्याज के पकौड़े अलग से बनाकर कढ़ी में डाले जाते हैं. धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाने से इसका स्वाद और भी गाढ़ा और लाजवाब हो जाता है. इसे आमतौर पर गरमा-गरम चावल के साथ खाना पसंद किया जाता है.
राजस्थानी कढ़ी
राजस्थान की कढ़ी मसालेदार और गाढ़ी होती है. इसे दही, बेसन और मसालों के साथ तैयार किया जाता है. कम सामान में बनने वाली यह कढ़ी अपने सादे लेकिन टेस्टी फ्लेवर के लिए जानी जाती है. इसे कढ़ी को बाजरे की रोटी या चावल के साथ खाया जाता है.
गुजराती कढ़ी
गुजराती कढ़ी का स्वाद हल्का मीठा और खट्टा होता है. इसमें दही, बेसन के साथ चीनी, अदरक और हरी मिर्च का इस्तेमाल किया जाता है. तड़के में दालचीनी और लौंग डालने से इसकी खुशबू और स्वाद अलग हो जाते हैं. हल्की और टेस्टी गुजराती कढ़ी चावल या खिचड़ी के साथ खाने में और भी ज्यादा टेस्टी लगती है.
सिंधी कढ़ी
सिंधी कढ़ी बाकी कढ़ियों से काफी अलग होती है क्योंकि इसमें दही का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसकी जगह इमली का उपयोग किया जाता है, जिससे इसका स्वाद खट्टा बनता है. इसमें भिंडी, आलू और गाजर जैसी सब्जियां भी डाली जाती हैं. यह कढ़ी स्वाद और पोषण दोनों से भरपूर होती है.
बिहारी कढ़ी
बिहारी कढ़ी में बेसन से बने मुलायम और स्पंजी बड़ी डाले जाते हैं. दही और बेसन से बनी इस कढ़ी में सरसों के तेल का तड़का लगाया जाता है जो इसे खास स्वाद देता है. यह कढ़ी गरमा-गरम चावल के साथ खाने में काफी टेस्टी लगती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क